Elbow Mole Meaning: सामुद्रिक शास्त्र को एक प्राचीन विद्या माना जाता है, जिसकी रचना भगवान शिव के पुत्र भगवान कार्तिकेय ने की थी। भगवान कार्तिकेय ने इस शास्त्र को पूरा नहीं किया था। इसे पूर्ण और प्रसारित समुद्र ऋषि ने किया था। इसी वजह से कई शास्त्रों में समुद्र ऋषि को सामुद्रिक शास्त्र का रचियता बताया गया है। इस शास्त्र में व्यक्ति के शरीर की बनावट, अंगों के आकार, तिलों और चेहरे के हाव-भाव आदि शारीरिक लक्षणों को संकेतों के रूप में दर्शाया गया है, जिनकी मदद से मनुष्य के स्वभाव, व्यक्तित्व, करियर, लव लाइफ और सेहत की स्थिति आदि का आकलन किया जाता है।
सामुद्रिक शास्त्र में कोहनी पर मौजूद तिल को भी एक महत्वपूर्ण संकेत माना गया है, जिसके जरिए व्यक्ति से जुड़ी कई अहम बातें पता चलती हैं। आज यहां पर आप कोहनी पर मौजूद तिल से जुड़े शुभ-अशुभ संकेतों के बारे में ही जानेंगे।
दाहिनी कोहनी पर तिल होना कैसा होता है?
सामुद्रिक शास्त्र की मानें तो दाहिनी कोहनी पर छोटा, स्पष्ट व गहरे रंग का काला तिल होना शुभ होता है। ऐसे लोगों को करियर में आगे बढ़ने के कई मौके मिलते हैं। यदि ये लोग किसी चीज को पाने के लिए मेहनत करते हैं तो हार का सामना इन्हें नहीं करना पड़ता है। ये अपनी मेहनत से अपार धन कमाने का दम रखते हैं। हालांकि, इन लोगों की रचनात्मक कार्यों में ज्यादा रुचि रहती है। ये भीड़ का हिस्सा नहीं बनते हैं, बल्कि कुछ बड़ा व अलग करने का दम रखते हैं। ये लोग रोजाना कुछ नया सीखने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ये किसी भी काम को कल पर नहीं डालते हैं और न ही अपनी जिम्मेदारियों से भागते हैं।
इन लोगों का स्वभाव ज्यादा मिलनसार नहीं होता है। ये अपने काम से काम रखते हैं और खुद को बेहतर बनाने पर ज्यादा जोर देते हैं। ये मेहनती, अनुशासित और जिम्मेदार होते हैं। अक्सर देखा गया है कि इन लोगों की ये ही खूबियां इन्हें समाज में अपार मान-सम्मान दिलाती हैं।
बाएं हाथ की कोहनी पर तिल होना कैसा होता है?
आमतौर पर बाईं कोहनी के तिल को संघर्ष से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे लोगों को करियर की शुरुआत में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। इन लोगों को बिना मेहनत के कामयाबी नहीं मिलती है। इन्हें छोटी से छोटी चीज को पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। हालांकि, करियर के शुरुआती दौर में ही इन्हें संघर्ष करना पड़ता है। एक समय के बाद इनके जीवन में स्थिरता आ जाती है और इनकी इच्छाएं पूरी होने लगती हैं।
जिन लोगों के बाएं हाथ की कोहनी पर तिल होता है, वो काफी इमोशनल होते हैं। ये लोगों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। अपने से ज्यादा ये लोग दूसरों के बारे में सोचते हैं। हालांकि, लोग इनका फायदा भी काफी उठाते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- गाल पर तिल होना शुभ है या अशुभ? जानें क्या कहता है सामुद्रिक शास्त्र
कैसा तिल देता है अशुभता का संकेत
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, हल्के रंग का तिल, धुंधला तिल, मटमैले रंग का तिल, आकार में बहुत बड़ा तिल, फैला हुआ तिल, अजीब आकार का तिल, तिल पर कट का निशान या दाग और असामान्य रूप से उभरा हुआ तिल अशुभ होता है। यदि ऐसे तिल आपके शरीर पर हैं तो कहीं न कहीं उनका नकारात्मक प्रभाव आपके जीवन पर पड़ेगा। इनके प्रभाव के कारण व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा तिल में से बाल का उगना भी शुभ नहीं होता है।
नोट: यहां बताई गई बातें सामुद्रिक शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं। Bhakti Times इसकी पुष्टि नहीं करता है।
