Which Numbers Are Most Hardworking: प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार मेहनत करता है। जहां कुछ लोग बहुत जल्दी मेहनत से जी चुराने लगते हैं। वहीं, ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है, जो तब तक मेहनत करते रहते हैं, जब तक उन्हें शानदार कामयाबी हासिल नहीं हो जाती। आज हम आपको अंक ज्योतिष शास्त्र की मदद से उन तारीखों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन पर जन्मे लोग शून्य से शिखर तक पहुंचने का दम रखते हैं। ये लोग सच्चे मन से इतनी मेहनत करते हैं कि किस्मत और ग्रह भी इनका साथ देने से खुद को रोक नहीं पाते। चलिए जानते हैं उन तारीखों के बारे में, जिन पर जन्मे लोग अपनी मेहनत से न सिर्फ अपना, बल्कि अपने कुल का भाग्य भी संवारने का दम रखते हैं।
मूलांक 8 वाले होते हैं सबसे ज्यादा मेहनती
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 8, 17 या 26 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 8 है। इन लोगों का स्वामी ग्रह शनि है, जो कर्म, धैर्य, न्याय, अनुशासन, मेहनत और संघर्ष के कारक हैं। अंक ज्योतिष शास्त्र में मूलांक 8 वालों को सबसे ज्यादा मेहनती माना गया है। ये लोग मेहनत करने से डरते नहीं हैं, बल्कि बड़ी से बड़ी मुश्किलों का सामना करने का दम रखते हैं। ये लोग अनुशासित होते हैं, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करके ही दम लेते हैं। इसके अलावा इनके अंदर धैर्य भी काफी होता है। ये जल्दी से अपने कार्य से बोर नहीं होते हैं, बल्कि शांत रहकर काम को पूर्ण करते हैं।
मूलांक 8 वालों को किस उम्र में मिलती है सफलता?
मूलांक 8 वालों को सफलता जल्दी नहीं मिलती है। 35 से 36 वर्ष की आयु के बाद ही इनके कामयाब होने के योग बनते हैं। अक्सर देखा गया है कि मूलांक 8 वालों को बहुत ही शानदार सफलता मिलती है और ये लग्जरी लाइफ जीते हैं। अपनी मेहनत से न सिर्फ ये अपार पैसा कमाते हैं, बल्कि समाज में ऊंचा स्थान भी हासिल करते हैं। इसके अलावा ये अपने परिवार वालों से बहुत प्यार करते हैं और उन्हें खुश रखने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- किस अक्षर के नाम वाला व्यक्ति बनेगा आपका परफेक्ट लाइफ पार्टनर? मूलांक अनुसार जानें
मूलांक 8 वालों के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां
यदि मूलांक 8 के लोग अपने संघर्ष के दौर में कुछ बातों पर विशेष ध्यान देते हैं तो उस समय को आसानी से पार कर लेते हैं। जैसे कि इन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए कभी भी शॉर्टकट या गलत रास्ते का चुनाव नहीं करना चाहिए। यदि ये लोग ऐसा करते हैं तो इन्हें शनि के क्रोध का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा इन्हें हर तरह के नशे से दूर रहना चाहिए। यदि इन्हें कोई बुरी आदत लग जाती है तो ये उससे पीछा नहीं छुड़ा पाते हैं, बल्कि उसके चक्कर में अपना पैसा और सेहत दोनों को गंवा देते हैं। अक्सर देखा गया है कि मूलांक 8 वाले यदि झूठ का सहारा लेते हैं तो हमेशा परेशान रहते हैं। इसलिए इन्हें सच बोलना चाहिए और सच्चे व ईमानदार लोगों का ही साथ देना चाहिए।
मूलांक 8 वालों का अनलकी रंग
मूलांक 8 वालों के लिए काला रंग शुभ नहीं रहता है। यदि ये लोग आएदिन काले रंग के कपड़े पहनते हैं या इस रंग की चीजों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो इससे शनि की ऊर्जा जरूरत से ज्यादा सक्रिय होती है। ज्योतिष शास्त्र में बताया गया है कि जब शनि की ऊर्जा जरूरत से ज्यादा सक्रिय होती है तो व्यक्ति के आसपास नकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मन उदास रहता है और किसी भी काम में मन नहीं लगता है। ऐसे में जीवन में संघर्ष भी अधिक करना पड़ता है। बता दें कि जन्म तारीख 8, 17 और 26 वालों को काले रंग की कार, बाइक या कोई भी वाहन नहीं खरीदना चाहिए। यदि ये लोग ऐसा करते हैं तो इन्हें अपयश मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख अंक ज्योतिष शास्त्र से जुड़ी मान्यताओं पर आधारित है। भक्ति टाइम्स इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
