Chandra Gochar 2026 Date, Time & Effect: चंद्रमा यानी चंद्र को वैदिक ज्योतिष शास्त्र में एक शुभ ग्रह माना गया है, जिसकी चाल में समय-समय पर परिवर्तन देखने को मिलता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजकर 21 मिनट पर चंद्र ग्रह ने मेष राशि में गोचर किया है। अब 27 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजकर 6 मिनट तक चंद्र मेष राशि में ही रहेंगे। मेष राशि से पहले चंद्रमा मीन राशि में संचार कर रहे थे, जबकि मेष राशि से निकलकर वृषभ राशि में भ्रमण करेंगे। ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को माता, मन, मानसिक शांति, रोजमर्रा के फैसले और भावनाओं का कारक माना जाता है। वहीं, मंगल ग्रह मेष राशि के स्वामी हैं, जिन्हें वैदिक ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के सेनापति का स्थान प्राप्त है। चलिए जानें किन राशियों पर इस समय चंद्र गोचर का सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
चंद्र गोचर का राशियों पर शुभ प्रभाव
मेष राशि
बीते दिन चंद्रमा ने मेष राशि वालों के पहले भाव में गोचर किया है, जो कि आत्मविश्वास, स्वभाव, व्यक्तित्व और निजी फैसलों से जुड़ा है। ऐसे में मेष राशि वालों को अपनी अधूरी योजनाओं को पूरा करने का मौका मिलेगा। जो लोग नौकरी कर रहे हैं, उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। बिजनेस करने वाले लोगों को किसी नए आइडिया पर काम करने से अच्छा-खासा लाभ हो सकता है। इसके अलावा निजी जीवन में स्पष्टता आएगी।
सावधानी- जल्दबाजी में फैसले लेने से बचें।
कर्क राशि
चंद्रमा के इस गोचर का प्रभाव कर्क राशि वालों के सीधे दसवें भाव पर पड़ा है, जो करियर, जॉब, कारोबार, सामाजिक प्रतिष्ठा और जिम्मेदारियों से जुड़ा है। ऐसे में करियर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। कोई काम लंबे समय से पेंडिंग चल रहा है तो वो पूर्ण होगा। इस दौरान आप अपनी जिम्मेदारियों को भी अच्छे से निभाएंगे। जो लोग समाज हित के लिए कार्य करते हैं, उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
सावधानी- सोच-समझकर बातचीत करें।
वृश्चिक राशि
मेष और कर्क के अलावा वृश्चिक राशि वालों के ऊपर भी इस वक्त चंद्रमा के गोचर का सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। चंद्रमा के इस गोचर से वृश्चिक राशि वालों का छठा भाव प्रभावित हुआ है, जो प्रतियोगिता, जॉब, कर्ज, रोजमर्रा की चुनौतियों और विवादों से जुड़ा है। ऐसे में लंबे समय से चले आ रहे विवाद खत्म होंगे और जीवन में खुशियों का वास होगा। यदि आपने किसी से कर्ज ले रखा है तो उसे वापस करने में सफलता मिलेगी। इसके अलावा पेंडिंग काम पूरे करने का मौका मिलेगा।
सावधानी- तथ्यों के बिना अपनी बात कहने से बचें।
नोट: चंद्र गोचर का प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है, जो केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Bhakti Times इसकी पुष्टि नहीं करता है।
