Dev Deepawali Deepdaan Time Today: देव दीपावली का दिन हिंदू धर्म के लोगों के लिए बहुत ही खास होता है, जिसे त्रिपुरी पूर्णिमा, कार्तिक पूर्णिमा, त्रिपुरारी पूर्णिमा, महाकार्तिकी और गंगा स्नान आदि नामों से जाना जाता है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को देव दीपावली मनाई जाती है। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस बार 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से लेकर 24 नवंबर 2026 की रात 8 बजकर 23 मिनट तक पूर्णिमा तिथि प्रभावी रहेगी। ऐसे में आज 24 नवंबर 2026, मंगलवार को ही देव दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन किसी पवित्र नदी में स्नान, जरूरतमंद लोगों को दान, भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा तथा शाम को दीपदान करने का विधान है।
मान्यता है कि देव दीपावली पर किए गए धार्मिक कार्यों से पुण्य मिलता है और जीवन से अंधकार दूर होता है। यहां पर आप आज कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान और देव दीपावली पर दीपदान का शुभ मुहूर्त क्या है, इस बारे में जानेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान का शुभ मुहूर्त
कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना शुभ होता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, आज 24 नवंबर 2026 को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 3 मिनट से लेकर 5 बजकर 57 मिनट तक था। जो लोग आज ब्रह्म मुहूर्त में स्नान नहीं कर पाए हैं, वो दोपहर में अभिजीत मुहूर्त तक भी स्नान कर सकते हैं। आज सुबह 11:46 से दोपहर 12:28 बजे तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर दान करने का शुभ समय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने के बाद जरूरतमंद लोगों को दान देना चाहिए। इस दिन दान करने का सबसे शुभ समय अभिजीत मुहूर्त होता है। आज अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 46 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। इस समय आप जरूरतमंद लोगों को वस्त्र, अन्न, कंबल, घी, तिल, धन या गुड़ का दान कर सकते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- आज कार्तिक पूर्णिमा पर अपनों को भेजें ये भक्तिमय शुभकामना संदेश
देव दीपावली पर दीपदान का शुभ मुहूर्त
कार्तिक पूर्णिमा यानी देव दीपावली के दिन शाम के समय दीपदान किया जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, आज दीपदान का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 8 मिनट से रात 7 बजकर 47 मिनट तक है। यह वाराणसी के लिए निर्धारित प्रदोषकालीन मुहूर्त है। अन्य शहरों में सूर्यास्त और स्थानीय पंचांग के अनुसार दीपदान के शुभ मुहूर्त में अंतर हो सकता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, प्राचीन काल में पूर्णिमा तिथि पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर राक्षस का वध करके देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। शिव जी की इसी जीत की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी वजह से देव दीपावली को देवताओं की दिवाली भी कहा जाता है। इस दिन भक्तजन घर के मंदिर, मुख्य दरवाजे, तुलसी के पौधे और छत पर दीपक जलाते हैं। इसके अलावा मंदिर या किसी पवित्र नदी के घाट पर भी दीपदान किया जाता है। दीपदान में घी या तिल के तेल का दीपक जलाया जाता है, जिस दौरान भगवान शिव और विष्णु का स्मरण किया जाता है।
