Mole In The Middle Of Hand Meaning In Hindi: सामुद्रिक शास्त्र एक प्राचीन विज्ञान है, जिसमें भविष्य जानने के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया गया है। इस शास्त्र में शरीर की बनावट, आकार और बॉडी पर मौजूद तिलों को संकेतों के रूप में दर्शाया गया है, जिनके जरिए व्यक्ति के स्वभाव और व्यक्तित्व के बारे में पता चलता है। साथ ही भविष्य की संभावित घटनाओं की जानकारी मिलती है। सामुद्रिक शास्त्र में हथेली पर मौजूद तिल को भी एक महत्वपूर्ण संकेत माना गया है। खासकर, हथेली के बीचों-बीच तिल होना खास होता है। आज यहां पर आप हथेली के बीचों-बीच तिल होने के महत्व और संकेतों के बारे में जानेंगे।
हथेली के बीचों-बीच तिल होना कैसा होता है?
दाएं हाथ-
समुद्रिक शास्त्र की मानें तो दाएं हाथ की हथेली के बीचों-बीच तिल होना शुभ होता है। ऐसे लोगों का जीवन धन और विभिन्न सुख-सुविधाओं से भरा रहता है। ये लोग धन कमाने के लिए अपनी पूरी मेहनत करते हैं। भाग्य भी इन लोगों का साथ देता है। आमतौर पर इन लोगों का भाग्योदय 27 वर्ष की आयु के बाद होता है। इससे पहले इन्हें कड़ी मेहनत करनी ही होती है। हालांकि, इनका एक नकारात्मक पहलू भी है। जब इन लोगों के पास बेइंतहा पैसे आ जाते हैं तो ये खुले हाथ से धन खर्च करते हैं। ये अचानक से आ रहे पैसों का इस्तेमाल सही से नहीं कर पाते हैं और गलती पर गलती कर बैठते हैं।
बाएं हाथ-
जिन लोगों के बाएं हाथ की हथेली के बीचों-बीच तिल होता है, उन लोगों का जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहता है। खासकर, अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर ये लोग असंतोष और चिंता में रहते हैं। इन लोगों का स्वभाव चिड़चिड़ा होता है। जल्दी से नए लोगों के बीच ये घुल-मिल नहीं पाते हैं, बल्कि छोटी-छोटी बातों पर भावुक हो जाते हैं। हालांकि, मेहनत करने से ये लोग पीछे नहीं हटते हैं। ये अपने लक्ष्य को पाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, लेकिन कामयाबी मिलने की संभावना बहुत ही कम होती है।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- कोहनी पर तिल होना शुभ या अशुभ? जानें क्या कहता है सामुद्रिक शास्त्र
दोनों हथेलियों के बीच तिल होने का मतलब
दोनों हथेलियों के बीचों-बीच तिल होना बहुत ही दुर्लभ शुभ संकेत है। ऐसे लोग मेहनती, समझदार और ज्ञानी होते हैं। इन लोगों की नेतृत्व क्षमता अच्छी होती है। इनके अंदर जीवन में कुछ अलग व बड़ा करने की क्षमता होती है। ये हर परिस्थिति में सकारात्मक रहते हैं और अपने आप को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। ये लोग जल्दी से हार भी नहीं मानते हैं।
इन लोगों का स्वभाव सरल व मिलनसार होता है। ये अपने जीवनसाथी और परिवार वालों से बहुत प्यार करते हैं। अपनों की खुशी के लिए कई बार ये लोग असंभव कार्य को भी संभव कर दिखाते हैं।
नोट: यहां बताई गई बातें सामुद्रिक शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं। Bhakti Times इसकी पुष्टि नहीं करता है।
