Hanuman Ansh Movie Singer: प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और चमत्कारों पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' की चर्चा इस समय हर जगह हो रही है। इसी के साथ फिल्म का गाना 'तेरे ही भरोसे हनुमान...' और इस गाने के गायक सुनील लोधी भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। सुनील लोधी नेत्रहीन हैं। वो कभी स्कूल नहीं गए और न ही उनके पास जीवन में सुख-सुविधाओं के पर्याप्त साधन थे, बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी मेहनत और सुरों के दम पर एक खास मुकाम हासिल किया। चलिए जानते हैं हनुमान अंश के स्टार सिंगर सुनील लोधी के संघर्ष से सफलता तक के सफर के बारे में।
सुनील की बचपन से ही नहीं थी आंखों की रोशनी
सुनील लोधी का जन्म मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक छोटे से गांव में हुआ। वो एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता महेन्द्र सिंह लोधी एक किसान हैं, जबकि माता श्रीमती भाग बाई गृहिणी हैं। बचपन से ही सुनील की आंखों की रोशनी नहीं थी, जिसके कारण वो कभी स्कूल नहीं गए और न ही सामान्य शिक्षा प्राप्त की।
सुनील ट्रेनों में गाया करते थे भजन
सुनील को बचपन से ही संगीत से खास लगाव था। वो तमूरा (एक पारंपरिक वाद्य) को अपने हाथ में लेकर भजन और बुंदेली लोकगीत गाया करते थे। शुरुआत में वो अलग-अलग गांवों में घूमकर भजन गाया करते थे, लेकिन धीरे-धीरे ट्रेनों में गाना शुरू कर दिया। वो कटोरा लेकर ट्रेन के डिब्बों में घूमते और देवी-देवताओं के भजन गाते। यात्रियों के दान से ही वो अपना और अपने परिवार वालों का खर्चा चलाते थे। इसके अलावा सुनील ने गांव के छोटे-छोटे कार्यक्रमों में भी गाना शुरू कर दिया, जिससे कुछ कमाई हो सके।
सुनील का ये भजन हुआ था वायरल
साल 2019 में सुनील की जिंदगी पूरी तरह से बदल गई जब उनकी मुलाकात एक यूट्यूबर और स्थानीय संगीत प्रेमी से हुई। उन्होंने सुनील के भजन को रिकॉर्ड करना शुरू किया, जिसमें से 'मोरे संकट के कटैया हनुमान...' भजन सोशल मीडिया पर कुछ ही समय में बहुत तेजी से वायरल हो गया। इस भजन पर लोग इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर रील्स बनाने लगे, जिसके बाद सुनील को भी सिंगर के तौर पर एक अलग पहचान मिली।
वायरल होते-होते सुनील का ये भजन निर्माता पंकज वीआरके के पास पहुंचा। उन्होंने सुनील को मुंबई बुलाया और एक अन्य भजन रिकॉर्ड करवाया। उस समय तक सुनील को नहीं पता था कि वो भजन किस फिल्म के लिए रिकॉर्ड कर रहे हैं।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी को भी पसंद आए सुनील के भजन
इसके बाद फिल्म हनुमान अंश के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का ध्यान सुनील के भजनों की तरफ गया। उन्होंने सुनील के बहुत सारे भजन सुने, जिनमें से 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई....' भजन को अपनी फिल्म हनुमान अंश में शामिल करने का फैसला किया। बता दें कि इस समय दर्शक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म हनुमान अंश और उसके भजन को काफी प्यार दे रहे हैं। इसके अलावा सुनील के पुराने भजन भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
