Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत आज 11 अक्टूबर 2026, रविवार से हो गई है। अब 9 दिनों तक मां दुर्गा की पूजा की जाएगी और व्रत रखा जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा और व्रत रखने से जीवन में स्थिरता आती है। साथ ही साहस, शक्ति और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। नवरात्रि शुरू होने से पहले या व्रत के दौरान अगर महिलाओं को पीरियड्स आ जाएं, तो क्या वो व्रत जारी रख सकती हैं? क्या मासिक धर्म के दौरान व्रत रखना सही है और इस दौरान पूजा-पाठ के कौन-से नियमों का पालन करना चाहिए? यदि आपके मन में भी ऐसे ही सवाल हैं तो चलिए इससे जुड़ी मान्यताएं और जरूरी बातों के बारे में जानें।
महिलाएं क्या पीरियड्स में नवरात्रि का व्रत रख सकती हैं?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि की पूजा शुरू होने से पहले यदि किसी महिला को पीरियड्स आ जाएं तो वो व्रत रख सकती हैं। यदि व्रत के बीच में पीरियड्स आ जाएं तो भी उपवास को पूर्ण किया जा सकता है, लेकिन इन स्थितियों में कुछ विशेष नियमों का पालन करना चाहिए। महिलाओं को माता दुर्गा की मूर्ति या तस्वीर को नहीं छूना चाहिए और न ही किसी तरह की पूजा सामग्री उन्हें अर्पित करनी चाहिए। इसके अलावा मां को चढ़ाए जाने वाले भोग को स्वयं न बनाएं और न ही भोग में इस्तेमाल की जाने वाली चीजों को स्पर्श करें।
पीरियड्स के दौरान पूजा कैसे करें?
पीरियड्स के दौरान महिलाओं को केवल मानसिक पूजा करनी चाहिए। मानसिक पूजा मन से की जाती है, जिसमें फूल, दीपक, जल, चंदन, प्रसाद और मूर्ति जैसी भौतिक सामग्री की जरूरत नहीं होती है। भक्त अपनी कल्पना और सच्ची भावना के जरिए मन ही मन भगवान का पूजन करता है। मानसिक जाप करने के लिए आपको मंदिर में प्रवेश करने की भी जरूरत नहीं है। मंदिर से दूर किसी शुद्ध जगह पर बैठकर आप मां दुर्गा का स्मरण कर सकते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- आज शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जरूर पढ़ें मां शैलपुत्री की कथा, पूर्ण होगी पूजा और मिलेगा व्रत का फल
क्या पीरियड्स में मंत्र जाप करना चाहिए?
पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि पीरियड्स के दौरान महिलाएं मंत्र जाप कर सकती हैं, लेकिन तुलसी या रुद्राक्ष की माला का उपयोग न करें। यदि आपको मंत्रों की संख्या गिननी है तो उसके लिए हाथों की उंगलियों या मोबाइल ऐप का सहारा ले सकती हैं। इसके अलावा मां दुर्गा के नाम, भजन, श्लोकों और चालीसा का पाठ भी इस दौरान किया जा सकता है।
पीरियड्स में व्रत का खाना बना सकते हैं?
शारदीय नवरात्रि व्रत के दौरान महिलाओं को यदि पीरियड्स आ जाएं तो उन्हें व्रत का खाना बनाने से बचना चाहिए। इस दौरान रसोई या पवित्र भोजन को छूने की मनाही होती है। हालांकि, जो महिलाएं अकेले रहती हैं या कोई ओर उनके लिए खाना नहीं बना सकता है, ऐसी स्थिति में वो स्वयं अपने लिए व्रत का भोजन बना सकती हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें शुद्धता का खास ध्यान रखना होगा।
