आज 8 नवंबर 2026, रविवार का दिन धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज नरक चतुर्दशी और दिवाली का पावन पर्व मनाया जा रहा है। पंचांग के अनुसार, आज कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी तिथि सुबह 11:27 बजे तक रहेगी, जिसके बाद अमावस्या तिथि का आरंभ हो जाएगा। चलिए अब जानें 8 नवंबर 2026, रविवार के दिन की पूरी ज्योतिषीय गणना के बारे में।
नक्षत्र और योग
आज स्वाती नक्षत्र का प्रभाव पूरी रात बना रहेगा। बता दें कि आयुष्मान योग का प्रभाव आज 8 नवंबर से लेकर 9 नवंबर को तड़के 03:03 बजे तक रहेगा, जिसके बाद सौभाग्य योग शुरू होगा।
चंद्रमा और सूर्य ग्रह की स्थिति
सूर्य और चंद्रमा दोनों ही आज तुला राशि में स्थित हैं।
नरक चतुर्दशी के अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त
नरक चतुर्दशी के अवसर पर अभ्यंग स्नान (सूर्योदय से पूर्व पवित्र स्नान) का विशेष महत्व माना गया है। आज अभ्यंग स्नान के लिए शुभ समय सुबह 05:41 बजे से 06:38 बजे तक रहेगा। इस अवधि की कुल अवधि 57 मिनट है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन यमराज के निमित्त दीपदान करने और हनुमान जी व भगवान कृष्ण की पूजा करने की परंपरा है।
आज के शुभ और अशुभ मुहूर्त
किसी भी मांगलिक कार्य की शुरुआत करने से पहले शुभ समय का ध्यान रखना आवश्यक होता है। आज अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:43 बजे से 12:26 बजे तक रहेगा। इसके अलावा, अमृत काल रात्रि 10:02 बजे से 11:44 बजे तक रहेगा। चौघड़िया के अनुसार, सुबह 10:43 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक का समय अमृत (सर्वोत्तम) माना गया है।वहीं, पंचांग में कुछ समय ऐसे भी हैं जिन्हें अशुभ माना जाता है और इस दौरान नए कार्यों की शुरुआत से बचने की सलाह दी जाती है। आज राहुकाल शाम 05:30 बजे से शाम 07:00 बजे तक रहेगा। इसके अतिरिक्त, गुलिक काल दोपहर 03:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक और यमगंड दोपहर 12:00 बजे से 01:30 बजे तक रहेगा।
आज दिवाली की पूजा का शुभ मुहूर्त
दीपावली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा प्रदोष काल में करनी चाहिए, जिस दौरान स्थिर वृषभ लग्न रहता है। आज प्रदोष काल शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक है, जबकि वृषभ लग्न शाम 5:54 बजे से शाम 7:50 बजे तक है। ऐसे में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 54 मिनट से 7 बजकर 50 मिनट तक है। इसके अलावा निशिता काल रात 11:39 बजे से 9 नवंबर की रात 12:31 बजे तक रहेगा।
दिशा शूल और निवास
- दिशा शूल- पश्चिम दिशा में
- चंद्रमा का वास- पश्चिम दिशा में
- राहु का वास- उत्तर दिशा में
- होमाहुति में- केतु का प्रभाव रहेगा
- अग्निवास- पृथ्वी पर
- भद्रावास- नहीं है
- शिववास- सुबह 11 बजकर 27 मिनट तक श्मशान में, जिसके बाद गौरी के साथ रहेगा।
- कुम्भ चक्र- कण्ठ
सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक का समय
आज सूर्योदय सुबह 06:38 बजे होगा और सूर्यास्त का समय शाम 05:31 बजे निर्धारित है। चंद्रमा का अस्त शाम 04:35 बजे होगा। आज चतुर्दशी और अमावस्या का संयोग होने के कारण चंद्रोदय नहीं होगा।
