Semi Square Aspect 2026 Date, Time & Effect: बुध और शुक्र, दोनों को ही वैदिक ज्योतिष में महत्वपूर्ण ग्रहों का स्थान प्राप्त है। राशि और नक्षत्र गोचर करने के साथ-साथ बुध और शुक्र एक-दूसरे के साथ मिलकर विशेष योग, संयोग व दृष्टि भी बनाते हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की सुबह 2 बजकर 34 मिनट से सिंह राशि में स्थित बुध और कन्या राशि में स्थित शुक्र ग्रह के बीच 45 डिग्री का संबंध बना हुआ है, जिसे सेमी-स्क्वायर आस्पेक्ट कहा जाता है। वैदिक ज्योतिष शास्त्र में इस आस्पेक्ट को अर्धकेंद्र योग के नाम से भी जाना जाता है, जिसका राशियों पर अशुभ प्रभाव भी पड़ता है। इस बार भी अर्धकेंद्र योग का आने वाले करीब 3 हफ्ते तक राशियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। चलिए जानें ये अनलकी 3 राशियां कौन सी हैं।
सिंह राशि
ग्रहों के राजकुमार बुध इस समय सिंह राशि के जातकों के लग्न भाव में हैं, जबकि धन-वैभव के दाता ग्रह शुक्र दूसरे भाव में विराजमान हैं। ऐसे में छोटी-छोटी बातों के कारण बड़ा विवाद होने के योग हैं। खासकर, घर वालों के साथ आपकी अच्छी नहीं बनेगी। पैसों को लेकर भी इस दौरान किसी खास व्यक्ति से मतभेद होने की संभावना है। जिन लोगों का खुद का बिजनेस या दुकान है, उन्हें जल्दबाजी में या किसी के कहने पर लिए गए फैसलों के कारण तगड़ा नुकसान हो सकता है।
उपाय- बुधवार के दिन गणेश जी की पूजा करें और उन्हें दूर्वा अर्पित करें।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के बारहवें भाव में इस वक्त बुद्धि के दाता ग्रह बुध विराजमान हैं, जबकि शुक्र नीच स्थिति में इसी राशि में स्थित हैं। ऐसे में गोचर के अलावा बुध-शुक्र के सेमी-स्क्वायर आस्पेक्ट से भी कन्या राशि वालों को बचकर रहना होगा। एक तरफ जहां खर्चों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण तनाव रहेगा। वहीं, दूसरी तरफ घर वालों के कारण मानसिक उलझनें कम नहीं होंगी। यदि आपने अनावश्यक बातचीत को टालने का प्रयास नहीं किया तो आप किसी बड़े विवाद में फंस सकते हैं।
उपाय- शुक्रवार के दिन धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा करें और उन्हें सुहाग का सामान अर्पित करें।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें: अपनी राशि में 64 दिनों तक रहेगा दैत्यगुरु शुक्र का डेरा, इन 3 राशियों की चमकेगी किस्मत
मीन राशि
सिंह और कन्या के अलावा मीन राशि वालों के लिए भी बुध-शुक्र का सेमी-स्क्वायर आस्पेक्ट शुभ नहीं रहेगा। ग्रहों के राजकुमार बुध इस समय मीन राशि वालों के षष्ठम भाव में स्थित हैं, जबकि शुक्र सप्तम भाव को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में कामकाज से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। जो लोग साझेदारी में कोई कार्य कर रहे हैं, वो किसी न किसी समस्या में फंसे रहेंगे। इसके अलावा लव लाइफ भी प्रभावित हो सकती है।
उपाय- शुक्रवार के दिन शिव जी की पूजा करें और शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
नोट: बुध-शुक्र के सेमी-स्क्वायर आस्पेक्ट का प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है, जो कि केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Bhakti Times इसकी पुष्टि नहीं करता है।
