ज्योतिष शास्त्र में शनि देव को न्याय का देवता और कर्मफल दाता माना जाता है। आम धारणा यह है कि शनि की चाल में बदलाव या उनकी वक्री (उल्टी चाल) अवस्था हमेशा कष्टकारी होती है, लेकिन ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार ऐसा नहीं है। कुंडली के सभी भावों में शनि का प्रभाव अलग-अलग होता है और कुछ विशेष स्थितियों में वक्री शनि भी जातक के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति की जन्म कुंडली के तीसरे, छठे और एकादश भाव में शनि वक्री अवस्था में विराजमान हैं, तो यह स्थिति जातक को जीवन में सफलता, साहस और आर्थिक समृद्धि प्रदान करने वाली मानी जाती है। आइए जानते हैं कि इन भावों में वक्री शनि का प्रभाव किस प्रकार से कार्य करता है।
तीसरे और छठे भाव में वक्री शनि का प्रभाव
कुंडली का तीसरा भाव साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है। जब इस भाव में शनि वक्री होते हैं, तो व्यक्ति के भीतर विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का अद्भुत साहस उत्पन्न होता है। ऐसे जातक स्वभाव से मेहनती होते हैं और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते हैं। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, यह स्थिति लेखन, पत्रकारिता, मीडिया और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने वाले लोगों के लिए काफी फलदायी हो सकती है। हालांकि, इन्हें जीवन के शुरुआती पड़ाव में संघर्ष करना पड़ सकता है, लेकिन धैर्य और निरंतरता इन्हें अंततः सफलता दिलाती है।वहीं, छठा भाव मुख्य रूप से शत्रु, रोग, ऋण और प्रतियोगिता का प्रतिनिधित्व करता है। इस भाव में वक्री शनि का होना व्यक्ति को कठिन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाता है। मान्यता है कि ऐसे जातक अपने विरोधियों पर विजय प्राप्त करने में सफल रहते हैं। प्रशासनिक सेवाओं, सरकारी नौकरी या कानून और वकालत के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए यह स्थिति अनुशासन और सफलता का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। ऐसे लोग मुश्किल समय में भी अपना धैर्य नहीं खोते और अपनी मेहनत के दम पर रास्ता निकाल लेते हैं।
