Gopashtami Vrat Katha: हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के प्रति श्रद्धा, प्रेम और सेवा भाव का प्रतीक माना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाने वाला यह त्योहार ब्रजभूमि में विशेष उत्साह के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने के लिए जंगल जाना शुरू किया था। उनकी इस गौचारण लीला की स्मृति में हर साल गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन गौ माता की पूजा करने के साथ गोपाष्टमी की व्रत कथा पढ़ने और सुनने का भी विशेष महत्व बताया गया है। आइए जानते हैं भगवान श्रीकृष्ण की गौचारण लीला से जुड़ी यह पौराणिक कथा।
गोपाष्टमी व्रत कथा (Gopashtami Vrat Katha in Hindi)
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में जब भगवान श्रीकृष्ण गोकुल में बाल लीलाएं कर रहे थे, तब वे अपने सखाओं के साथ बछड़ों को चराने जाया करते थे। उनकी बाल सुलभ शरारतों और माखन चोरी की लीलाओं से पूरा गोकुल आनंदित रहता था। धीरे-धीरे कान्हा बड़े होने लगे और एक दिन उनके मन में गायों को चराने जाने की इच्छा जागी।
कहा जाता है कि एक दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी माता यशोदा से कहा कि अब वे बड़े हो गए हैं। इसलिए उन्हें बछड़ों को चराने के बजाय गायों को चराने के लिए जंगल जाने की अनुमति दी जाए। माता यशोदा ने कान्हा की बात सुनी, लेकिन उन्हें लगा कि अभी उनका लाडला गायों को संभालने के लिए बहुत छोटा है। उन्होंने प्रेमपूर्वक कहा कि इस विषय में पहले नंद बाबा से बात करनी होगी।
इसके बाद श्रीकृष्ण अपने पिता नंद बाबा के पास पहुंचे और उनसे गायों को चराने जाने की इच्छा जताई। नंद बाबा ने भी शुरुआत में उन्हें समझाया कि गायों को संभालना आसान काम नहीं है। लेकिन कान्हा अपनी बात पर अड़े रहे। आखिरकार पिता को अपने लाडले की जिद के आगे झुकना पड़ा और उन्होंने उनकी इच्छा पूरी करने का निर्णय लिया।
हालांकि, नंद बाबा चाहते थे कि कान्हा की इस नई जिम्मेदारी की शुरुआत शुभ मुहूर्त में हो। इसलिए उन्होंने श्रीकृष्ण से गांव के पंडित जी को बुलाने के लिए कहा, ताकि पंचांग देखकर गौचारण का शुभ समय निर्धारित किया जा सके। श्रीकृष्ण तुरंत पंडित जी के पास पहुंचे और उन्हें नंद बाबा का संदेश सुनाया। कथा के अनुसार, कान्हा ने पंडित जी से प्रेमपूर्वक कहा कि यदि वे उसी दिन गायों को चराने जाने का शुभ मुहूर्त निकाल देंगे, तो उन्हें खूब सारा माखन खाने को मिलेगा। माखन का नाम सुनते ही पंडित जी प्रसन्न हो गए और नंद बाबा के पास पहुंचकर पंचांग देखने लगे।
पंचांग का अध्ययन करने के बाद पंडित जी ने बताया कि गायों को चराने की शुरुआत करने के लिए आज का दिन ही सबसे शुभ है। उन्होंने कहा कि इसके बाद पूरे एक वर्ष तक ऐसा कोई दूसरा शुभ मुहूर्त नहीं मिलेगा। यह सुनकर नंद बाबा ने श्रीकृष्ण को गायों को चराने के लिए जाने की अनुमति दे दी। इस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को पहली बार गायों को चराने के लिए जंगल की ओर प्रस्थान किया। उनके साथ ग्वाल-बाल भी गए। कान्हा की इस दिव्य गौचारण लीला से ब्रजभूमि आनंदित हो उठी। मान्यता है कि इसी दिन से गोपाष्टमी पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई।
गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा का महत्व
गोपाष्टमी का पर्व केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मनुष्य और प्रकृति के बीच प्रेम, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश भी देता है। हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ माता में देवी-देवताओं का वास माना जाता है और उनकी सेवा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
इसी मान्यता के चलते गोपाष्टमी के दिन श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद गायों को स्नान कराते हैं, उनके माथे पर तिलक लगाते हैं और फूल-मालाओं से उनका श्रृंगार करते हैं। इसके बाद गायों को हरा चारा, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई जाती है। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करके उनके गौपालक स्वरूप का स्मरण किया जाता है।
