धर्म

भगवान श्रीकृष्ण को क्यों प्रिय है मार्गशीर्ष मास, गीता में खुद बताया इस महीने का महत्व

मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है। गीता में उन्होंने स्वयं को मार्गशीर्ष बताया है। मान्यता है कि इसी महीने गीता का दिव्य ज्ञान दिया गया और सतयुग का आरंभ हुआ। जानें इस पवित्र महीने का धार्मिक महत्व।

Image

Margashirsha Month

हिंदू पंचांग में मार्गशीर्ष मास का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व बताया गया है। इसे अगहन मास के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह महीना भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है। यही वजह है कि इस दौरान भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना, मंत्र जाप, गीता पाठ और दान-पुण्य करने का विशेष महत्व माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण (Lord Krishna) को इतना प्रिय क्यों है? इसका जवाब स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता में दिया है। आइए जानते हैं इस पवित्र महीने से जुड़ी कुछ खास बातें।

भगवान श्रीकृष्ण ने मार्गशीर्ष को बताना अपना स्वरूप

मार्गशीर्ष मास को श्रीकृष्ण का प्रिय महीना मानने के पीछे सबसे बड़ा आधार श्रीमद्भगवद्गीता का एक श्लोक है। गीता के दसवें अध्याय यानी विभूतियोग के 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं- 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्'। इसका अर्थ है कि सभी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इस अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को अपनी दिव्य विभूतियों के बारे में बताते हैं। वह समझाते हैं कि संसार में जो कुछ भी श्रेष्ठ, सुंदर, प्रभावशाली और अद्भुत है, उसमें उनकी ही झलक मौजूद है। इसी क्रम में वह मार्गशीर्ष मास को अपना स्वरूप बताते हैं। यही कारण है कि धार्मिक दृष्टि से इस महीने को विशेष पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है।