लोक आस्था के महापर्व छठ का आज 13 नवंबर 2026 को पूरे हर्षोल्लास के साथ आरंभ हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान का पहला दिन 'नहाया-खाय' के रूप में मनाया जाता है। यह दिन न केवल सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का है, बल्कि यह शुद्धता, अनुशासन और अटूट समर्पण का भी प्रतीक है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होने वाला यह महापर्व व्रतियों के लिए संयम और सात्विकता का संदेश लेकर आता है।
'नहाया-खाय' के दिन से ही व्रती छठ पूजा के कड़े नियमों का पालन करना शुरू कर देते हैं। इस दिन का मुख्य उद्देश्य तन और मन को पूरी तरह शुद्ध करना होता है, ताकि आने वाले दिनों में निर्जला उपवास और कठिन पूजा विधियों को संपन्न किया जा सके। इस दिन घर की विशेष सफाई की जाती है और रसोई को पवित्र किया जाता है, क्योंकि इस पर्व में स्वच्छता का विशेष महत्व माना गया है। चलिए अब जानें 'नहाया-खाय' की विधि और इससे जुड़ी अन्य खास बातों के बारे में।
नहाया-खाया की विधि और नियम
इस दिन की शुरुआत सुबह जल्दी उठकर पवित्र स्नान से होती है। परंपरा के अनुसार, व्रती किसी नदी या तालाब में जाकर स्नान करते हैं, लेकिन यदि ऐसा संभव न हो, तो घर पर ही शुद्ध जल से स्नान किया जा सकता है। स्नान के बाद ही पूजा और भोजन की तैयारी शुरू की जाती है। इस दिन सात्विक भोजन बनाने की परंपरा है, जिसमें कद्दू-भात का विशेष महत्व बताया गया है।भोजन तैयार करने के लिए कई परिवारों में आज भी मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का उपयोग किया जाता है। हालांकि, यह परंपरा पारिवारिक मान्यताओं के अनुसार भिन्न हो सकती है। भोजन पूरी तरह से सात्विक होता है, जिसमें लहसुन और प्याज का प्रयोग वर्जित है। इसे बहुत ही कम मसालों के साथ तैयार किया जाता है। नियम के अनुसार, सबसे पहले व्रती भोजन ग्रहण करते हैं और उनके भोजन करने के बाद ही परिवार के अन्य सदस्य प्रसाद के रूप में इसे ग्रहण करते हैं। इस दिन चने की दाल, कद्दू की सब्जी और चावल का सेवन किया जाता है, जो स्वास्थ्य और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है।
