Devuthani Ekadashi 2026: सनातन धर्म में देवोत्थान एकादशी का विशेष महत्व है, जिसे देव प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन जगत के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु अपनी चार महीने की लंबी योग निद्रा से जागते हैं। आषाढ़ मास की देवशयनी एकादशी से शुरू हुआ चातुर्मास का काल इसी तिथि के साथ संपन्न होता है। भगवान विष्णु के जागृत होते ही सृष्टि में एक बार फिर से मांगलिक कार्यों की गूंज सुनाई देने लगेगी।
शास्त्रों के अनुसार, हिंदू धर्म में विवाह, उपनयन संस्कार, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्यों के लिए भगवान विष्णु की साक्षी अनिवार्य मानी गई है। जब तक भगवान विष्णु योग निद्रा में रहते हैं, तब तक इन शुभ कार्यों पर विराम लगा रहता है। देवोत्थान एकादशी के बाद से ही शुभ मुहूर्त देखकर विवाह और अन्य मांगलिक अनुष्ठान फिर से शुरू किए जाते हैं।
चातुर्मास और भगवान विष्णु की योग निद्रा
धार्मिक ग्रंथों में उल्लेख है कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी से भगवान विष्णु क्षीर सागर में अनंत शय्या पर विश्राम के लिए चले जाते हैं। इस चार महीने की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान विवाह, यज्ञ, दीक्षा ग्रहण, गोदान और नूतन गृह प्रवेश जैसे शुभ कर्मों को वर्जित माना गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब सूर्य मिथुन राशि में प्रवेश करते हैं, तब भगवान विष्णु शयन करते हैं और जब सूर्य तुला राशि में आते हैं, तब वे निद्रा से जागते हैं।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो चातुर्मास के दौरान वर्षा ऋतु और बादलों की अधिकता के कारण सूर्य और चंद्रमा का तेज कम हो जाता है। इस मौसम में नमी के कारण सूक्ष्म कीटाणुओं और रोगों के पनपने की संभावना अधिक रहती है, जिसे प्राचीन काल में स्वास्थ्य की दृष्टि से भी संयम बरतने का समय माना गया है। धार्मिक मान्यता यह भी है कि शंखासुर नामक राक्षस का वध करने के बाद भगवान विष्णु अत्यंत थक गए थे और इसी दिन वे विश्राम के लिए गए थे, जो कार्तिक शुक्ल एकादशी को समाप्त हुआ।
विवाह और ग्रहों की अनुकूलता
देवोत्थान एकादशी के बाद से सहालग का मौसम शुरू हो जाता है। यदि किसी जातक की जन्म कुंडली में विवाह के योग बन रहे हैं और गोचर के ग्रह अनुकूल हैं, तो इस तिथि के बाद से विवाह के मार्ग प्रशस्त होते हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से विवाह तय होने में बृहस्पति (गुरु) की कृपा अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। यदि विवाह में किसी प्रकार का व्यवधान आ रहा हो, तो भगवान विष्णु की आराधना के साथ-साथ ग्रहों के उपचार को भी प्रभावी माना गया है।
