व्रत त्योहार

Dhanteras Today Shubh Muhurat 2026: आज है धनतेरस का पावन पर्व, जानें पूजा-खरीदारी से लेकर यम दीपम का शुभ मुहूर्त

Dhanteras Today Shubh Muhurat 2026: आज 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को धनतेरस का महापर्व मनाया जा रहा है। चलिए जानें आज धनतेरस के शुभ दिन खरीदारी और पूजा-पाठ का शुभ मुहूर्त क्या है। साथ ही आपको यम दीपम का शुभ समय पता चलेगा।

Image

आज धनतेरस का शुभ मुहूर्त क्या है?

Dhanteras Today Shubh Muhurat 2026: धनतेरस का पर्व हिंदू धर्म के लोगों के लिए बहुत ही खास होता है। साल 2026 में आज 6 नवंबर को धनतेरस यानी धनत्रयोदशी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन धन की देवी माता लक्ष्मी, धन के देवता कुबेर जी और आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की विशेष रूप से पूजा की जाती है। साथ ही सोने-चांदी से बनी चीजें, पीतल-तांबा के बर्तन, झाड़ू, नमक, साबुत धनिया, वाहन और लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति खरीदने का विधान है। मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई चीजें तेरह गुना फलित होती हैं या उनमें वृद्धि होती है। वहीं, देवी-देवताओं की पूजा करने से घर में सुख, समृद्धि, वैभव, धन और यश का आगमन होता है। साथ ही स्वास्थ्य अच्छा रहता है। हालांकि, खरीदारी और पूजा-पाठ केवल शुभ मुहूर्त में ही करना चाहिए। आज यहां पर आप धनतेरस के सभी जरूरी शुभ मुहूर्त के बारे में जानेंगे।

धनतेरस पूजन का शुभ मुहूर्त क्या है आज?

धनतेरस के दिन लक्ष्मी जी, कुबरे जी और धन्वंतरि जी की पूजा प्रदोष काल में करनी चाहिए, जो कि सूर्यास्त के बाद करीब 2 घंटे तक रहता है। बता दें कि प्रदोष काल के दौरान लग्न का स्थिर होना भी जरूरी है। मान्यता है कि स्थिर लग्न के दौरान मां लक्ष्मी की पूजा करने से वो घर में ठहर जाती हैं। द्रिक पंचांग के अनुसार, आज 6 नवंबर 2026 को प्रदोष काल शाम 05:37 बजे आरंभ होगा, जिसका समापन रात 08:16 बजे होगा। वहीं, वृषभ लग्न आज शाम 06:06 बजे से लेकर रात 08:00 बजे तक रहेगा। ऐसे में धनतेरस की पूजा शाम 06:06 बजे से रात 08:00 बजे के बीच करनी शुभ रहेगी।