Gopashtami 2026: हिंदू धर्म में गाय को केवल एक पशु नहीं, बल्कि माता के समान पूजनीय माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। यही वजह है कि सनातन परंपरा में गाय की सेवा, संरक्षण और पूजा को पुण्यदायी माना गया है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाने वाला गोपाष्टमी का पर्व भी इसी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इस दिन गौ माता और उनके बछड़ों की पूजा करने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप की आराधना की जाती है।
इस साल गोपाष्टमी का पर्व आज यानी 17 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है। ब्रजभूमि, मथुरा और वृंदावन में इस त्योहार की विशेष धूम रहती है। मान्यता है कि गोपाष्टमी पर गौ माता की सेवा करने और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। ऐसे में आइए जानते हैं गोपाष्टमी का शुभ मुहूर्त, इसका धार्मिक महत्व और गौ माता की पूजा करने की सही विधि।
गोपाष्टमी 2026 की तारीख और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, गोपाष्टमी का पर्व 17 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है। यह त्योहार हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है।
- अष्टमी तिथि प्रारंभ: 17 नवंबर, सुबह 4:19 बजे
- अष्टमी तिथि समाप्त: 18 नवंबर, सुबह 6:04 बजे
- गोपाष्टमी पूजा: 17 नवंबर को दिनभर परंपरा के अनुसार
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:01 बजे से 5:49 बजे तक
नोट - गोपाष्टमी पर सुबह के समय गौ माता की पूजा करना विशेष महत्व रखता है। इसके अलावा शाम के गोधूलि बेला में भी गायों की पूजा और आरती की जाती है।
क्यों मनाई जाती है गोपाष्टमी
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के बाल जीवन से जुड़ा हुआ है। कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन पहली बार बछड़ों को चराने के बजाय गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह अपने बड़े भाई बलराम के साथ बछड़ों की देखभाल किया करते थे। गायों को चराने की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हें गोपाल नाम से जाना जाने लगा। इसी प्रसंग की याद में गोपाष्टमी का त्योहार मनाया जाता है। इस दिन गौ माता की पूजा करके उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि गाय की सेवा करने से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं। ब्रज क्षेत्र में इस अवसर पर मंदिरों में विशेष आयोजन होते हैं और गायों को सजाकर उनकी पूजा की जाती है।
गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा विधि
- गोपाष्टमी के दिन गौ माता की पूजा के लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद श्रद्धापूर्वक इस विधि से पूजा करें।
- सबसे पहले गाय और बछड़े को साफ पानी से स्नान कराएं। यदि ऐसा संभव न हो तो साफ कपड़े से उन्हें पोंछ दें।
- गौ माता के माथे पर रोली और हल्दी से तिलक लगाएं।
- उनके गले में फूलों की माला पहनाएं और उन्हें सुंदर तरीके से सजाएं।
- गौ माता को हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाएं।
- उनके सामने दीपक और धूप जलाकर विधि-विधान से आरती करें।
- श्रद्धापूर्वक गौ माता की परिक्रमा करें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
- शाम के समय गायों के लौटने पर उनका स्वागत करें और पूजा-अर्चना करें।
गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण की पूजा का महत्व
गोपाष्टमी के दिन गौ माता के साथ भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप की पूजा का भी विशेष महत्व है। सुबह स्नान के बाद भगवान कृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक जलाएं। उन्हें पीले फूल, तुलसी दल, फल और माखन-मिश्री का भोग अर्पित करें। इसके बाद श्रीकृष्ण के मंत्रों का जाप करें और उनके भजन गाएं।मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करने से भक्तों को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। पूजा के अंत में परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना करें।
