व्रत त्योहार

Amla Navami: अक्षय नवमी को क्यों कहा जाता है आंवला नवमी? जानें इसका धार्मिक महत्व और पौराणिक मान्यता

Amla Navami: अक्षय नवमी को आंवला नवमी क्यों कहा जाता है? जानें आंवले के वृक्ष में देवी-देवताओं का वास, पूजा का महत्व और इस दिन दान-पुण्य का विशेष फल साथ ही जानें इस दिन की पौराणिक मान्यता।

Image

Amla Navami

Amla Navami: हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के साथ-साथ आंवले के वृक्ष से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। इस दिन देश के कई हिस्सों में महिलाएं आंवले के पेड़ की पूजा करती हैं, उसके नीचे दीपक जलाती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भोजन करने की भी परंपरा है। यही वजह है कि अक्षय नवमी को आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर आंवले के पेड़ को इस दिन इतनी विशेष मान्यता क्यों दी जाती है? इसके पीछे कई धार्मिक और पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं।

आंवले के वृक्ष में होता है देवी-देवताओं का वास

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवले का वृक्ष अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि इसमें भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी, भगवान शिव और ब्रह्मा जी का वास होता है। स्कंद पुराण से जुड़ी मान्यता के अनुसार, आंवले के वृक्ष की जड़ों में ब्रह्मा जी, तने में भगवान शिव और इसकी शाखाओं में भगवान विष्णु तथा माता लक्ष्मी का निवास माना जाता है। यही कारण है कि अक्षय नवमी के दिन इस वृक्ष की पूजा करने से कई देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है।