सितंबर महीने की शुरुआत ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पंचांग के अनुसार, 1 सितंबर 2026, मंगलवार को चंद्रमा मेष राशि में अश्विनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इस गोचर के दौरान चंद्रमा और गुरु के बीच चतुर्थ-दशम योग बनने से गजकेसरी योग का शुभ संयोग निर्मित हो रहा है। इसके साथ ही सूर्य और बुध की युति पंचम भाव में रहेगी, जबकि मंगल का गोचर चंद्रमा से तीसरे भाव में होगा। ग्रहों की यह विशेष स्थिति कई राशियों के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आ रही है।
ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, महीने का पहला दिन मेष, मिथुन, तुला, धनु और मकर राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से फलदायी रहने वाला है। इन राशियों के लिए ग्रहों का यह गोचर न केवल कार्यक्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा, बल्कि आर्थिक और व्यक्तिगत जीवन में भी सुखद बदलाव के संकेत दे रहा है।
इन राशियों के लिए शुभ रहेगा दिन
मेष राशि के जातकों के लिए 1 सितंबर का दिन उत्साह और नई ऊर्जा से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपको कुछ नया करने का अवसर प्राप्त होगा और नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। लग्न भाव में चंद्रमा का गोचर आपको रचनात्मक और भावुक बनाएगा, जिसका सकारात्मक प्रभाव आपके व्यक्तिगत रिश्तों पर देखने को मिलेगा। साथ ही, भाग्य का साथ मिलने से अचानक लाभ के योग भी बन रहे हैं।मिथुन राशि के जातकों के लिए चंद्रमा का गोचर ग्यारहवें भाव में हो रहा है। लग्न में मंगल की उपस्थिति आपको ऊर्जावान बनाए रखेगी। आर्थिक मामलों में लाभ के अवसर मिलेंगे और यदि आप वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह समय अनुकूल है। कार्यस्थल पर सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा और पिता से लाभ की प्राप्ति हो सकती है। जीवनसाथी के साथ समय बिताने के लिए भी यह दिन अच्छा रहेगा।
तुला राशि के जातकों के लिए चंद्रमा का गोचर सप्तम भाव में होने से मित्रों और व्यावसायिक साझेदारों से भरपूर सहयोग मिलेगा। कार्यक्षेत्र में टीमवर्क के जरिए आप अपने लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त कर पाएंगे। लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होने की संभावना है। प्रेम संबंधों के लिहाज से भी सितारे आपके पक्ष में हैं, हालांकि सुख-सुविधाओं पर खर्च बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।
