अपने सपनों के घर में प्रवेश करना हर किसी के लिए एक बेहद खास और भावनात्मक पल होता है। वास्तु शास्त्र के जानकारों का मानना है कि घर केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र होता है। यदि आप भी साल 2026 के अंतिम दो महीनों यानी नवंबर और दिसंबर में अपने नए घर में गृह प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो पंचांग की गणना के अनुसार इसके लिए कई शुभ तिथियां उपलब्ध हैं। वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, नवंबर और दिसंबर 2026 में गृह प्रवेश के लिए निम्नलिखित तारीखें शुभ मानी गई हैं। नवंबर महीने में आप 20, 21, 25 और 26 तारीख को गृह प्रवेश कर सकते हैं। वहीं, दिसंबर महीने में 2, 3, 4, 11 और 12 तारीख गृह प्रवेश के लिए शुभ रहेंगी।
गृह प्रवेश के लिए वास्तु नियम और सावधानियां
नए घर में प्रवेश करते समय वास्तु के कुछ नियमों का पालन करना घर की ऊर्जा को संतुलित रखने में सहायक माना जाता है। वास्तु गुरु का सुझाव है कि गृह प्रवेश से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि घर की दीवारों या मुख्य द्वार पर कहीं भी सीलन न हो। सर्दियों के मौसम में अक्सर दीवारों का पेंट जल्दी नहीं सूखता, जिससे सीलन की समस्या हो सकती है। मान्यता है कि सीलन वाली दीवारों से घर की सकारात्मक ऊर्जा प्रभावित होती है, इसलिए घर का काम पूरी तरह संपन्न होने के बाद ही प्रवेश करना चाहिए।पूजा के बाद घर की ऊर्जा को सकारात्मक बनाए रखने के लिए दक्षिण-पूर्व दिशा में एक घी का दीपक जलाएं, जो कम से कम एक घंटे तक जलता रहे। इसके अलावा, घर के मध्य भाग जिसे 'ब्रह्म स्थान' कहा जाता है, उसे हमेशा साफ और खाली रखना चाहिए। वहां कोई भी भारी सामान या पिलर नहीं होना चाहिए। साथ ही, पूजा से पहले घर में भारी फर्नीचर न रखें और जल की निकासी व आपूर्ति की व्यवस्था की भली-भांति जांच कर लें।
गृह प्रवेश की पूजा विधि और परंपराएं
गृह प्रवेश के दौरान वास्तु शांति और हवन की प्रक्रिया हमेशा घर के ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में ही करनी चाहिए, क्योंकि इसे ऊर्जा का स्रोत माना जाता है। पूजा के दिन घर के मुख्य द्वार पर हल्दी और कुमकुम से स्वास्तिक बनाएं और कलश व वंदनवार (तोरण) जरूर लगाएं। गृह प्रवेश के समय पति-पत्नी को एक साथ जल और नारियल से भरा कलश लेकर दाहिना पैर आगे रखकर घर में प्रवेश करना चाहिए।परंपरा के अनुसार, गृह प्रवेश से एक दिन पहले पूरे घर में समुद्री नमक मिले पानी से पोंछा लगाना शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान गूगल और कपूर का हवन करें। इसके अलावा, रसोई में गैस चूल्हे पर दूध उबालने की परंपरा है, जिसमें दूध का बर्तन से बाहर गिरना समृद्धि का संकेत माना जाता है। वास्तु गुरु के अनुसार, गृह प्रवेश के दिन शाम को पूजा के बाद घर को खाली छोड़कर ताला लगाकर बाहर न जाएं। पहले दिन परिवार के कम से कम तीन सदस्यों का नए घर में रहना और वहीं भोजन पकाना शुभ माना जाता है।
