वास्तु शास्त्र में आईने को केवल अपना चेहरा देखने का साधन नहीं, बल्कि ऊर्जा का एक बड़ा वाहक माना गया है। अक्सर घरों में लोग बेडरूम में आईना लगा लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि वास्तु के अनुसार रात के समय आईना देखना या बेड के सामने आईने का होना आपके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है? रात के समय आईना देखने से ऊर्जा का स्तर प्रभावित होता है, जो मानसिक शांति और नींद में बाधा उत्पन्न कर सकता है।
वास्तु विशेषज्ञों का मानना है कि रात के समय आईना देखने से मन में बेचैनी बढ़ती है, जिससे गहरी नींद आने में समस्या होती है और बुरे सपने आने की आशंका भी बनी रहती है। इसके पीछे का तर्क यह है कि हमारा शरीर दिनभर की थकान और तनाव को रात में सोते समय बाहर निकालता है ताकि सुबह तक हम तरोताजा महसूस कर सकें। यदि बेड के सामने आईना लगा हो, तो वह इस नकारात्मक ऊर्जा को सोखने के बजाय उसे दोगुना करके वापस हमारी ओर रिफ्लेक्ट कर देता है। यही कारण है कि सुबह उठने पर व्यक्ति को ताजगी महसूस होने के बजाय थकान और भारीपन महसूस होता है।
बेडरूम में आईना रखने के वास्तु नियम और उपाय
वास्तु शास्त्र के अनुसार, कपल्स के बेडरूम में बेड के ठीक सामने आईना होना आपसी रिश्तों के लिए ठीक नहीं माना जाता है। मान्यता है कि बेड के सामने आईना होने से पति-पत्नी के बीच बिना किसी ठोस कारण के बहस, तनाव और मतभेद बढ़ सकते हैं। इसका कारण यह बताया जाता है कि आईना आपसी चिड़चिड़ेपन और गुस्से को दोगुना करके वापस रिफ्लेक्ट करता है, जिससे रिश्ते में मधुरता और शांति कम होने लगती है।इसी तरह, यदि घर में कोई सदस्य बीमार है, तो उनके बेड के सामने भी आईना नहीं होना चाहिए। वास्तु गुरु के अनुसार, बीमार व्यक्ति के शरीर से निकलने वाली नकारात्मक ऊर्जा आईने से टकराकर वापस उन पर ही पड़ती है, जिससे स्वास्थ्य में सुधार की प्रक्रिया धीमी हो सकती है। बच्चों के कमरे में भी बेड के सामने आईना होना उनके मानसिक स्वास्थ्य और पढ़ाई पर असर डाल सकता है, क्योंकि इससे उनकी नींद पूरी नहीं होती और एकाग्रता में कमी आती है।
यदि आपके बेडरूम की बनावट ऐसी है कि आईने को वहां से हटाना संभव नहीं है, तो वास्तु गुरु मान्या कुछ सरल उपाय सुझाती हैं। सबसे बेहतर तरीका यह है कि रात को सोते समय आईने को किसी कपड़े से ढक दें, ताकि उसमें आपका प्रतिबिंब न दिखाई दे। इसके अलावा, आईना लगाने के लिए वार्डरोब के अंदर का स्थान सबसे उपयुक्त माना जाता है। साथ ही, सुबह उठते ही आईना देखने के बजाय अपनी हथेलियों के दर्शन करने की परंपरा को अपनाने की सलाह दी जाती है।
