Navratri Decoration Ideas: नवरात्रि का त्योहार आते ही घरों में रौनक बढ़ने लगती है। कहीं माता रानी की चौकी सजाई जाती है, तो कहीं पूजा घर को फूलों, रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से खास बनाया जाता है। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि घर में प्रवेश करते ही त्योहार वाली खूबसूरत फील आए, तो सबसे पहले अपने मुख्य द्वार को सजाने पर ध्यान दें। घर का मेन गेट न केवल मेहमानों का स्वागत करता है, बल्कि इसे सजाकर आप पूरे घर को एक आकर्षक और फेस्टिव लुक भी दे सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। कुछ पारंपरिक और खूबसूरत चीजों की मदद से आप अपने घर के प्रवेश द्वार को खास बना सकते हैं।
1. तोरण से सजाएं मुख्य द्वार
नवरात्रि में गेंदे के फूलों की सजावट का अपना अलग ही आकर्षण होता है। पीले और नारंगी रंग के गेंदे के फूल घर के मुख्य द्वार को पारंपरिक और उत्सवी लुक देते हैं। आप चाहें तो ताजे फूलों की तोरण बनाकर दरवाजे के ऊपर लगा सकते हैं या फिर फूलों और आम के पत्तों से तैयार बंदनवार का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सजावट देखने में खूबसूरत लगती है और घर में त्योहार जैसा माहौल तैयार करती है। अगर आप रोजाना फूल बदलने की परेशानी से बचना चाहते हैं, तो अच्छी क्वालिटी वाली आर्टिफिशियल फ्लोरल तोरण भी एक बढ़िया विकल्प है।
2. रंगोली से बनाएं एंट्रेंस को खास
नवरात्रि के दौरान मुख्य द्वार पर रंगोली बनाना घर को सजाने का एक आसान और खूबसूरत तरीका है। आप लाल, पीले, नारंगी और सफेद रंगों से कमल, फूलों या पारंपरिक आकृतियों वाली रंगोली बना सकते हैं। अगर आपको रंगोली बनाना मुश्किल लगता है, तो बाजार में मिलने वाले रंगोली स्टेंसिल या रेडीमेड रंगोली स्टिकर का इस्तेमाल करें। कम समय में तैयार होने वाली यह सजावट भी घर के प्रवेश द्वार को आकर्षक बना सकती है। रंगोली के आसपास छोटे दीये रखकर इसकी खूबसूरती को और बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, दीये ऐसी जगह रखें जहां आने-जाने में परेशानी न हो।
3. तोरण और वॉल हैंगिंग लगाएं
अगर आप पारंपरिक सजावट के साथ कुछ नया प्रयोग करना चाहते हैं, तो मुख्य द्वार पर शुभ प्रतीकों वाली वॉल हैंगिंग लगा सकते हैं। बाजार में मां दुर्गा की आकृति, स्वास्तिक, शुभ-लाभ और पारंपरिक घंटियों वाले कई डिजाइन उपलब्ध हैं। लकड़ी, कपड़े, मोतियों या मेटल से बनी सजावटी वॉल हैंगिंग दरवाजे को सुंदर लुक दे सकती हैं। आप अपने घर के दरवाजे के रंग और डिजाइन के हिसाब से इन्हें चुन सकते हैं। इससे सजावट में पारंपरिक अंदाज बना रहता है और प्रवेश द्वार भी अलग नजर आता है।
4. फेयरी लाइट्स
शाम के समय घर को रोशनी से सजाने का अलग ही आनंद होता है। नवरात्रि में मुख्य द्वार के आसपास गर्म रोशनी वाली फेयरी लाइट्स लगाकर आप घर को आकर्षक फेस्टिव लुक दे सकते हैं। इन्हें दरवाजे के फ्रेम, जाली या आसपास की दीवार पर सजाया जा सकता है। पीली रोशनी वाली लाइट्स गेंदे के फूलों और पारंपरिक तोरण के साथ खूबसूरत लगती हैं। अगर आपका बजट कम है, तो एक साधारण एलईडी लाइट स्ट्रिंग भी सजावट के लिए पर्याप्त हो सकती है। बस ध्यान रखें कि तार सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं और दरवाजा खोलने-बंद करने में कोई परेशानी न हो।
5. दीए और सजावटी लालटेन
नवरात्रि में मुख्य द्वार पर दीये या सजावटी लालटेन रखना घर को पारंपरिक और गर्मजोशी भरा लुक देने का अच्छा तरीका है। आप दरवाजे के दोनों ओर सजावटी लालटेन रख सकते हैं या प्रवेश द्वार के पास सुरक्षित स्थान पर मिट्टी के दीये सजा सकते हैं। पीतल या मिट्टी के दीयों के साथ फूलों की छोटी सजावट भी अच्छी लगती है। अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो बैटरी से चलने वाले एलईडी दीये चुनना बेहतर रहेगा। इससे आग लगने का जोखिम कम होगा और सजावट भी लंबे समय तक बनी रहेगी।
