Janmashtami 2026: जन्माष्टमी का पावन पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस विशेष अवसर पर कई भक्त अपने घरों में बाल गोपाल यानी लड्डू गोपाल को विराजमान करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में बाल स्वरूप का आगमन सुख-समृद्धि और शांति का प्रतीक माना जाता है। हालांकि, लड्डू गोपाल की सेवा और स्थापना के लिए कुछ विशेष नियमों का पालन करना आवश्यक होता है, ताकि घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहे।
स्थापना की दिशा का महत्व
ज्योतिष और वास्तु विशेषज्ञों की मान्यता के अनुसार, बाल गोपाल की सेवा अत्यंत कोमल और शुद्ध भाव से की जानी चाहिए। यदि आप इस जन्माष्टमी पर कान्हा को अपने घर ला रहे हैं, तो उनकी स्थापना के लिए सही दिशा और पवित्रता का ध्यान रखना सबसे महत्वपूर्ण है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, लड्डू गोपाल और उनके झूले को हमेशा घर की उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) में रखना चाहिए, क्योंकि इसे अत्यंत शुभ और पवित्र माना गया है।
स्थापना, अभिषेक और श्रृंगार की विधि
लड्डू गोपाल को घर लाने के बाद सबसे पहले उनका अभिषेक करना चाहिए। जन्माष्टमी की रात को शुभ मुहूर्त में दूध, दही, घी, शहद और जल से बने पंचामृत से उनका अभिषेक करें और अंत में गंगाजल से स्नान कराएं। अभिषेक के बाद उन्हें नए पीले वस्त्र पहनाएं। श्रृंगार के दौरान उन्हें मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, कमरबंद, कंगन, पायल और वैजयंती माला अर्पित करें। उनके माथे पर केसर, चंदन और अक्षत का तिलक लगाना शुभ माना जाता है। स्थापना के समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि जिस स्थान पर लड्डू गोपाल विराजमान हों, वहां पूर्ण स्वच्छता होनी चाहिए। आसपास किसी भी प्रकार का कबाड़ या अनुपयोगी वस्तुएं नहीं होनी चाहिए, ताकि सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह में कोई बाधा न आए।पूजा और भोग के नियम
मध्य रात्रि के शुभ मुहूर्त में लड्डू गोपाल को सिंहासन या झूले पर बैठाकर विधि-विधान से पूजा करें। धूप-दीप जलाकर भगवान की आरती उतारें और प्रेमपूर्वक उन्हें झूला झुलाएं। मान्यता है कि रात को उन्हें लोरी सुनाकर सुलाने की परंपरा का पालन करना चाहिए।भोग के संदर्भ में, लड्डू गोपाल को माखन-मिश्री अत्यंत प्रिय है, इसलिए इसे भोग में अवश्य शामिल करें। इसके अलावा धनिया की पंजीरी, मेवे और मौसमी फलों का भोग भी लगाया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि भगवान कृष्ण के हर भोग में तुलसी दल (तुलसी का पत्ता) जरूर रखें, क्योंकि इसके बिना जन्माष्टमी की पूजा अधूरी मानी जाती है।
