Puja Room Vastu: घर में पूजा का कमरा वह स्थान होता है जहां हम कुछ देर के लिए रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर होकर शांत बैठते हैं। सुबह की पूजा हो या शाम की आरती, पूजा घर का माहौल मन को सुकून देने वाला होना चाहिए। वास्तु शास्त्र में भी पूजा घर की दिशा, साफ-सफाई, मूर्तियों की स्थिति और रंगों को लेकर कई मान्यताएं बताई गई हैं। अगर आप अपने पूजा घर को नए तरीके से सजाने की सोच रहे हैं तो कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रख सकते हैं।
पूजा घर के लिए कौन सी दिशा मानी जाती है सबसे अच्छी
वास्तु की मान्यताओं में घर का उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण पूजा स्थान के लिए सबसे शुभ माना जाता है। अगर घर में ईशान कोण में पूजा घर बनाना संभव नहीं है तो पूर्व या उत्तर दिशा को भी विकल्प के तौर पर चुना जाता है।
पूजा घर बहुत बड़ा होना जरूरी नहीं
कई लोगों को लगता है कि पूजा के लिए अलग बड़ा कमरा होना चाहिए। ऐसा जरूरी नहीं है। अगर घर छोटा है तो एक साफ-सुथरी जगह पर छोटा मंदिर भी बनाया जा सकता है। वास्तु की मान्यताओं के अनुसार पूजा स्थान का आकार बहुत ज्यादा अजीब या अनियमित रखने से बचना चाहिए। चौकोर या आयताकार डिजाइन को सामान्य तौर पर बेहतर माना जाता है। सबसे जरूरी बात यह है कि पूजा की जगह साफ, व्यवस्थित और शांत हो।
मंदिर का दरवाजा कैसा रखें?
अगर आपके पूजा घर में दरवाजा है तो पूर्व या उत्तर दिशा की ओर खुलने वाला प्रवेश शुभ माना जाता है। लकड़ी के दरवाजे को भी पूजा स्थान के लिए पसंद किया जाता है। मंदिर का दरवाजा ऐसा हो जिसे आसानी से खोला-बंद किया जा सके। पूजा घर के सामने जूते-चप्पल, कपड़े या घर का बेकार सामान जमा न होने दें।
भगवान की मूर्तियां कहां रखें?
पूजा घर सजाते समय सबसे ज्यादा ध्यान भगवान की मूर्तियों पर दिया जाता है। वास्तु मान्यताओं में मूर्तियों को व्यवस्थित तरीके से रखने की सलाह दी जाती है। मूर्तियों को सीधे जमीन पर रखने के बजाय किसी साफ और उचित ऊंचाई वाले आसन या चौकी पर रखना बेहतर माना जाता है। एक और बात का ध्यान रखें कि मंदिर में जरूरत से ज्यादा मूर्तियां और तस्वीरें भरने से जगह अस्त-व्यस्त न लगे। जिस देवी-देवता की आप नियमित पूजा करते हैं, उनके लिए साफ और सम्मानजनक स्थान रखें।
पूजा करते समय किस दिशा में मुंह करें?
वास्तु के अनुसार पूजा करते समय पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुंह करना शुभ माना जाता है। यही वजह है कि मंदिर और पूजा करने की जगह की दिशा तय करते समय इस बात का भी ध्यान रखा जाता है। हालांकि घर की बनावट के कारण अगर यह संभव न हो तो पूजा के लिए उपलब्ध साफ और शांत स्थान का इस्तेमाल किया जा सकता है।
पूजा घर के लिए कौन से रंग अच्छे हैं?
पूजा घर में बहुत गहरे और आंखों को चुभने वाले रंगों की बजाय हल्के रंग ज्यादा शांत माहौल देते हैं। सफेद, क्रीम, हल्का पीला, हल्का गुलाबी या हल्का नीला जैसे रंग इस्तेमाल किए जा सकते हैं। अगर पूजा घर छोटा है तो हल्के रंग उसे ज्यादा खुला और साफ दिखाने में भी मदद कर सकते हैं।
