Bathroom Colour As Per Vastu: व्यक्ति जब अपने घर में पेंट करवाता है तो रंगों पर खास ध्यान देता है। खासकर बेडरूम, किचन और हॉल के रंगों का चयन सोच-समझकर किया जाता है। वहीं, बाथरूम के रंगों पर अधिकतर लोग ध्यान नहीं देते हैं, बल्कि बचे हुए रंग से ही पेंट करवा लेते हैं। इसके अलावा बाथरूम में गहरे नीले रंग का पेंट भी आपको काफी देखने को मिल जाएगा। ये रंग जल्दी गंदा या खराब नहीं होता है, बल्कि लंबे समय तक चलता है। हालांकि, वास्तु शास्त्र के अनुसार बाथरूम में गहरे नीले रंग का पेंट करवाना ठीक नहीं होता है।
आज यहां पर आप विस्तार से जानेंगे कि बाथरूम में गहरे नीले रंग का पेंट क्यों नहीं करवाना चाहिए और इसके क्या नुकसान हो सकते हैं। इसी के साथ ये भी जानेंगे कि बाथरूम में यदि पहले से गहरे नीले रंग का पेंट हुआ है तो उसके अशुभ प्रभावों से कैसे बचा जा सकता है।
बाथरूम में गहरा नीला रंग क्यों न करवाएं?
बाथरूम को जल तत्व का स्थान माना जाता है। वहीं, गहरे नीले रंग को भी जल तत्व का प्रतीक माना गया है। यदि आप अपने बाथरूम की दीवारों और टाइल्स पर गहरा नीला रंग करवाते हैं तो इससे जल की ऊर्जा बहुत ज्यादा बढ़ जाएगी। वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि जिस स्थान पर जल की ऊर्जा अधिक होती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार नहीं होता है। ऐसे में मन में बेचैनी रहती है, जिसके कारण किसी भी काम में मन नहीं लगता है। इसके अलावा सेहत और आर्थिक स्थिति पर भी कुछ नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
अन्य मत-
मनोविज्ञान के अनुसार, ज्यादा समय तक गहरे नीले रंग को देखने से व्यक्ति असहज महसूस करता है। शरीर में सुस्ती बढ़ती है और स्वभाव चिड़चिड़ा हो जाता है।
गहरे नीले रंग के नकारात्मक प्रभाव से कैसे बचें?
यदि आपके बाथरूम में गहरा नीला रंग हुआ है तो वहां चमकीली सफेद एलईडी लाइट लगाएं। बाथरूम में सफेद, क्रीम या हल्के रंग के तौलिए, मैट, पर्दे या अन्य सामान का इस्तेमाल करें। इसके अलावा बाथरूम में आप मनी प्लांट या बैंबू प्लांट भी लगा सकते हैं। ये प्लांट गहरे रंग के नकारात्मक प्रभाव को सोखेंगे, जिससे वातावरण सामान्य रहेगा।
बाथरूम में क्या हल्का नीला रंग करवाना चाहिए?
वास्तु शास्त्र के अनुसार, बाथरूम में हल्का नीला रंग करवाया जा सकता है। इस रंग से जल की ऊर्जा ज्यादा नहीं बढ़ती है, बल्कि स्थिर रहती है। ये रंग सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करने में मदद करता है, जिससे मन शांत रहता है और घुटन महसूस नहीं होती है।
बाथरूम में कौन से रंग नहीं करवाने चाहिए?
वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि बाथरूम में कभी भी काला, ग्रे, गहरा भूरा, गहरा लाल, चमकीला लाल, चारकोल, नियॉन पिंक, फ्लोरोसेंट हरा, चमकीला नारंगी, मैरून, गहरा पीला और चटक हरा रंग नहीं करवाना चाहिए। ये रंग प्रकाश और सकारात्मकता को आने से रोकते हैं, जिसके कारण वातावरण में मायूसी रहती है। ऐसे में व्यक्ति को भारीपन महसूस होता है और किसी भी काम में मन नहीं लगता है।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें: क्या बेडरूम के अंदर बाथरूम होना वास्तु के हिसाब से सही है? जानें
बाथरूम में कौन से रंग करवा सकते हैं?
जिन लोगों के बाथरूम में सफेद, हल्का हरा, पेस्टल, क्रीम, हल्का गुलाबी, ऑफ-व्हाइट या ऐश ग्रे रंग होता है, वहां ज्यादा समय तक नकारात्मक ऊर्जा नहीं रहती है। ये रंग मन को शांत करते हैं और मूड को अच्छा रखने में मदद करते हैं।
