Devuthani Ekadashi Aarti Lyrics In Hindi: देवउठनी एकादशी का व्रत हर साल कार्तिक माह में आने वाली शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को रखा जाता है। इसी तिथि पर 4 महीने से सोए भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं, जिसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ-साथ उनके शालिग्राम स्वरूप और देवी तुलसी का पूजन करने का भी विधान है। पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि जो भक्त सच्चे मन से देवउठनी एकादशी के दिन पूजा-पाठ करता है, उसके पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन का आशीर्वाद मिलता है।
देवउठनी एकादशी की पूजा के दौरान देवी-देवताओं की आरती करने का भी विधान है। आरती को भगवान के प्रति प्रेम, भक्ति, कृतज्ञता और समर्पण प्रकट करने का मुख्य माध्यम माना जाता है। चलिए अब जानें देवउठनी एकादशी की मुख्य आरतियों के लिरिक्स यानी बोल।
देवउठनी एकादशी की आरती
विष्णु जी की आरती
ॐ जय जगदीश हरे, स्वामी! जय जगदीश हरे।
भक्तजनों के संकट क्षण में दूर करे॥
जो ध्यावै फल पावै, दुख बिनसे मन का।
सुख-संपत्ति घर आवै, कष्ट मिटे तन का॥ ॐ जय...॥
मात-पिता तुम मेरे, शरण गहूं किसकी।
तुम बिनु और न दूजा, आस करूं जिसकी॥ ॐ जय...॥
तुम पूरन परमात्मा, तुम अंतर्यामी॥
पारब्रह्म परमेश्वर, तुम सबके स्वामी॥ ॐ जय...॥
तुम करुणा के सागर तुम पालनकर्ता।
मैं मूरख खल कामी, कृपा करो भर्ता॥ ॐ जय...॥
तुम हो एक अगोचर, सबके प्राणपति।
किस विधि मिलूं दयामय! तुमको मैं कुमति॥ ॐ जय...॥
दीनबंधु दुखहर्ता, तुम ठाकुर मेरे।
अपने हाथ उठाओ, द्वार पड़ा तेरे॥ ॐ जय...॥
विषय विकार मिटाओ, पाप हरो देवा।
श्रद्धा-भक्ति बढ़ाओ, संतन की सेवा॥ ॐ जय...॥
तन-मन-धन और संपत्ति, सब कुछ है तेरा।
तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा॥ ॐ जय...॥
शालिग्राम जी की आरती
शालिग्राम सुनो विनती मेरी। यह वरदान दयाकर पाऊं॥
प्रात: समय उठी मंजन करके। प्रेम सहित स्नान कराऊं॥
चन्दन धूप दीप तुलसीदल। वरन-वरन के पुष्प चढ़ाऊं॥
तुम्हरे सामने नृत्य करूँ नित। प्रभु घंटा शंख मृदंग बजाऊं॥
चरण धोय चरणामृत लेकर। कुटुंब सहित बैकुण्ठ सिधारूं॥
जो कुछ रूखा-सूखा घर में। भोग लगाकर भोजन पाऊं॥
मन वचन कर्म से पाप किये। जो परिक्रमा के साथ बहाऊं॥
ऐसी कृपा करो मुझ पर। जम के द्वारे जाने न पाऊं॥
माधोदास की विनती यही है। हरी दासन को दास कहाऊं॥
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- यहां पढ़ें देवउठनी एकादशी की व्रत कथा
देवी तुलसी की आरती
जय जय तुलसी माता, मैय्या जय तुलसी माता।
सब जग की सुख दाता, सबकी वर माता।।
जय जय तुलसी माता...
सब योगों से ऊपर, सब रोगों से ऊपर।
रज से रक्ष करके, सबकी भव त्राता।
जय जय तुलसी माता...
बटु पुत्री है श्यामा, सूर बल्ली है ग्राम्या।
विष्णुप्रिय जो नर तुमको सेवे, सो नर तर जाता।
जय जय तुलसी माता...
हरि के शीश विराजत, त्रिभुवन से हो वंदित।
पतित जनों की तारिणी, तुम हो विख्याता।
जय जय तुलसी माता...
लेकर जन्म विजन में, आई दिव्य भवन में।
मानव लोक तुम्हीं से, सुख-संपत्ति पाता।
जय जय तुलसी माता...
हरि को तुम अति प्यारी, श्याम वर्ण सुकुमारी।
प्रेम अजब है उनका, तुमसे कैसा नाता।
हमारी विपद हरो तुम, कृपा करो माता।
जय जय तुलसी माता...
जय जय तुलसी माता, मैय्या जय तुलसी माता।
सब जग की सुख दाता, सबकी वर माता॥
जय जय तुलसी माता...
देवउठनी एकादशी के दिन सबसे पहले विष्णु जी की आरती की जाती है। विष्णु जी के बाद उनके शालिग्राम स्वरूप की आरती करनी शुभ रहती है, जिसके पश्चात अंत में देवी तुलसी का पूजन एवं आरती करना शुभ रहता है।
