Pradosh Vrat Aarti Lyrics: प्रत्येक महीने में कुल 2 बार प्रदोष व्रत रखा जाता है। सबसे पहले कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है, जिसके बाद महीने के अंत में शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखने का विधान है। इस दिन देवों के देव महादेव की पूजा की जाती है, जो कि सृष्टि के संहार, कल्याण और अनंत चेतना के प्रतीक हैं। पौराणिक शास्त्रों में बताया गया है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से प्रदोष व्रत रखता है, उसके पाप नष्ट होते हैं। साथ ही जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव, धन और ऐश्वर्य का आगमन होता है।
प्रदोष व्रत के दिन शिव जी के साथ माता पार्वती की भी पूजा की जाती है क्योंकि वो उनकी अर्धांगिनी हैं। इसके अलावा पूजा की शुरुआत में गणेश जी का स्मरण किया जाता है क्योंकि हिंदू धर्म में उन्हें प्रमुख देवता का स्थान प्राप्त है। चलिए अब जानें प्रदोष व्रत के दिन की जाने वाली गणेश जी, शिव जी और माता पार्वती की आरतियों के लिरिक्स यानी बोल।
प्रदोष व्रत की आरती
पौराणिक शास्त्रों में बतायागया है कि प्रदोष व्रत के दिन गणेश जी, शिव जी और माता पार्वती तीनों की आरती करनी चाहिए। आरती को पूजा के अंत में करें, जिसके पश्चात घर वालों को प्रसाद दें।
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा... गणेश जी की आरती
गणेश जी को विघ्नहर्ता कहा जाता है, जिनकी पूजा व आरती सबसे पहले की जाती है।

प्रदोष व्रत की गणेश जी की आरती लिखी हुई
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
एकदन्त, दयावन्त, चार भुजा धारी।
माथे पर तिलक सोहे, मूषक की सवारी॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
अंधन को आँख देत, कोढ़िन को काया।
बाँझन को पुत्र देत, निर्धन को माया॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
हार चढ़े, फूल चढ़े और चढ़े मेवा।
लड्डूवन का भोग लगे, संत करें सेवा॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
दीनन की लाज रखो, शम्भु सुतवारी।
कामना को पूरा करो, जाऊं बलिहारी॥
जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा॥
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- रवि प्रदोष व्रत पर अपनों को भेजें ये शुभ संदेश और कोट्स
ॐ जय शिव ओंकारा... शिव जी की आरती
भगवान शिव को महादेव, भोलेबाबा, शंकर, शम्भु, नीलकंठ, रुद्र और महेश्वर सहित कई नामों से जाना जाता है, जिनकी कृपा से भक्त की बड़ी से बड़ी परेशानी दूर हो सकती है।

प्रदोष व्रत की शिव जी की आरती लिखी हुई
ॐ जय शिव ओंकारा, स्वामी जय शिव ओंकारा।
ब्रह्मा, विष्णु, सदाशिव, अर्द्धांगी धारा॥
ॐ जय शिव...
एकानन चतुरानन पंचानन राजे,
हंसानन गरुड़ासन वृषवाहन साजे॥
ॐ जय शिव...
दो भुज चार चतुर्भुज दस भुज अति सोहे,
त्रिगुण रूप निरखते, त्रिभुवन जन मोहे॥
ॐ जय शिव...
अक्षमाला वनमाला मुण्डमाला धारी,
त्रिपुरारी कंसारी कर माला धारी॥
ॐ जय शिव...
श्वेताम्बर पीताम्बर बाघम्बर अंगे
सनकादिक गरुणादिक भूतादिक संगे॥
ॐ जय शिव...
कर के मध्य कमण्डलु चक्र त्रिशूल धर्ता,
जगकर्ता जगभर्ता जग संहारकर्ता॥
ॐ जय शिव...
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव जानत अविवेका,
प्रणवाक्षर में शोभित यह त्रिवेद का टीका॥
ॐ जय शिव...
शिव ओंकारा शिव ओंकारा हर ऊंकारा,
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव अर्द्धांगी धारा॥
ॐ जय शिव...
ॐ जय शिव ओंकारा, स्वामी जय शिव ओंकारा।
ब्रह्मा विष्णु सदाशिव अर्द्धांगी धारा॥
ॐ जय शिव...
जय पार्वती माता जय पार्वती माता... माता पार्वती जी की आरती
माता पार्वती शिव जी की पत्नी हैं, जिन्हें शक्ति, भक्ति, मातृत्व और प्रेम का स्वरूप माना जाता है।

प्रदोष व्रत की माता पार्वती की आरती लिखी हुई
जय पार्वती माता जय पार्वती माता
ब्रह्म सनातन देवी शुभ फल कदा दाता।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
अरिकुल पद्मा विनाशिनी जय सेवक त्राता
जग जीवन जगदम्बा हरिहर गुण गाता।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
सिंह को वाहन साजे कुंडल है साथा
देव वधु जहं गावत नृत्य कर ताथा।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
सतयुग शील सुसुन्दर नाम सती कहलाता।
हेमांचल घर जन्मी सखियन रंगराता।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
शुम्भ निशुम्भ विदारे हेमांचल स्याता
सहस भुजा तनु धरिके चक्र लियो हाथा।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
सृष्टि रूप तुही जननी शिव संग रंगराता।
नंदी भृंगी बीन लाही सारा मदमाता।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
देवन अरज करत हम चित को लाता।
गावत दे दे ताली मन में रंगराता।
जय पार्वती माता जय पार्वती माता...
श्री प्रताप आरती मैया की जो कोई गाता।
सदा सुखी रहता सुख संपति पाता।
जय पार्वती माता मैया जय पार्वती माता...
बता दें कि आरती को हमेशा खड़े होकर करना चाहिए। आरती करते समय अपने मन को शांत रखें और ध्यान भगवान की भक्ति में लगाएं। यदि आप इस तरह आरती करेंगे तो आपको अपनी पूजा का फल जरूर मिलेगा।
किस भगवान की कितनी आरती करें?
प्रदोष व्रत के दिन गणेश जी, शिव जी और माता पार्वती की आरती शाम के समय प्रदोष काल में की जाती है। सबसे पहले गणेश जी की 1 बार, फिर शिव जी की 1 बार और अंत में माता पार्वती की 1 बार आरती करनी चाहिए। सबसे पहले भगवान के चरणों के सामने 4 बार आरती की थाली को घुमाएं, जिसके बाद नाभि के सामने 2 बार, मुख के सामने 1 बार और अंत में संपूर्ण स्वरूप यानी पूरे शरीर के सामने 7 बार आरती की थाली को घुमाएं।
