Kanya Pujan 2026: 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि का महापर्व चल रहा है, जिसका समापन 19 अक्टूबर 2026 को होगा। इस बार 19 अक्टूबर को नवरात्रि की अष्टमी और नवमी दोनों तिथियों का महासंयोग बन रहा है। इन तिथियों पर मां दुर्गा की विशेष रूप से पूजा की जाती है। साथ ही व्रत रखने, कन्या पूजन और हवन करने का विधान है। कन्या पूजन में कन्याओं को मां दुर्गा और लंगूर (बालक) को बटुक भैरव का रूप मानकर पूजा जाता है। इस दौरान 1, 3, 5, 7, 9 या 11 छोटी कन्याओं और 1 लंगूर को घर बुलाया जाता है, जिसके बाद उनकी पूजा कर उन्हें भोजन कराया जाता है। अंत में उपहार देकर व उनके पैर छूकर उन्हें विदा किया जाता है। मान्यता है कि कन्या पूजन से मां दुर्गा और उनके 9 स्वरूपों का सीधा आशीर्वाद प्राप्त होता है।
हालांकि, कई बार कन्या पूजन के लिए पर्याप्त कन्याएं (कंजक) नहीं मिल पाती हैं। यदि आप भी ऐसी स्थिति में फंस जाते हैं तो कुछ कार्यों को करके अपनी पूजा को पूर्ण कर सकते हैं। चलिए जानें कन्या पूजन के लिए कंजक और लंगूर के न मिलने पर क्या किया जा सकता है।
कन्या पूजन के लिए बच्चे न मिले तो क्या करें?
कन्या पूजन के लिए यदि आपको एक भी बच्चा नहीं मिले तो ऐसी स्थिति में भी आप मां दुर्गा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। आप जितनी कन्याओं और लंगूर को भोजन कराना चाहते हैं, उतनी थालियां अलग कर लें। प्रत्येक थाली में हलवा, पूरी, चने और दक्षिणा रखें। अब इन थालियों को घर के पास स्थित किसी मंदिर में पंडित जी को दे दें। पंडित जी मंदिर में आए भक्तों को प्रसाद के रूप में ये थालियां दे देंगे, जिससे आपकी पूजा सफल होगी और व्रत भी खंडित नहीं होगा। मंदिर के अलावा इन थालियों को गौ माता, पक्षियों या किसी जरूरतमंद व्यक्ति को भी दिया जा सकता है।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- अष्टमी और नवमी पर रखते हैं व्रत? भूलकर भी न करें ये गलतियां, जानें खान-पान और पूजा-पाठ से जुड़े नियम
कन्या पूजन पर लड़का न मिले तो क्या करें?
कन्या पूजन के लिए कन्याएं तो आपको पर्याप्त मिल गई हैं, लेकिन 1 भी लंगूर नहीं मिल रहा है तो ऐसी स्थिति में एक अन्य कन्या को भी आप भोजन करा सकते हैं। इस कन्या को लंगूर की जगह पर बिठाएं और पूरे सम्मान से खाना खिलाएं।
कन्या पूजन में बच्चों को क्या गिफ्ट दें?
कन्या पूजन के दौरान घर आए बच्चों को आप कपड़े, लाल रंग की चुनरी, शृंगार का सामान, पेन या पेंसिल बॉक्स, कॉपियां, कलर बुक्स, कहानी की किताबें, पर्स, हेयर बैंड, स्कूल बैग, खाने का सामान, हेल्दी ड्रिंक्स के पैक, लंच बॉक्स या पानी की बोतल दे सकते हैं। इसके अलावा पैसे देना भी शुभ रहता है।
