Shardiya Navratri 2026 (october 2026 mein durga ashtami kab ki hai): मां दुर्गा के भक्तों के लिए शारदीय नवरात्रि के 9 दिन बेहद खास होते हैं। इस दौरान मां दुर्गा के शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री यानी नौ स्वरूपों की विशेष रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही प्रत्येक दिन व्रत रखने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा करने से जीवन के संकट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। जो लोग लगातार नवरात्रि के 9 दिन पूजा-पाठ नहीं कर पाते हैं, वो अष्टमी और नवमी तिथि पर मां दुर्गा की पूजा जरूर करते हैं। साथ ही इन तिथियों पर कन्या पूजन करने का विधान है।
हालांकि, इस बार शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि को लेकर असमंजस बना हुआ है। कुछ लोग 18 अक्टूबर को अष्टमी की पूजा करने की बात कह रहे हैं, जबकि कई लोग 19 अक्टूबर को अष्टमी का व्रत रख रहे हैं। ऐसी स्थिति में द्रिक पंचांग की मदद से शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि के बारे में जाना जा सकता है। चलिए अब जानें अष्टमी तिथि के समय से लेकर कन्या पूजन के मुहूर्त के बारे में।
शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी कब है?
हर साल आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि की पूजा की जाती है। द्रिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में 19 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि की अष्टमी यानी महाष्टमी और महा दुर्गाष्टमी मनाई जाएगी तथा व्रत भी इसी दिन रखा जाएगा। इस बार अष्टमी तिथि का आरंभ 18 अक्टूबर 2026 की सुबह 08:27 बजे से हो रहा है, जो कि अगले दिन 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे समाप्त होगी।
19 अक्टूबर को अष्टमी पर कन्या पूजन कब करें?
जो लोग शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर कन्या पूजन करते हैं, उन्हें अष्टमी तिथि पर विशेष ध्यान देना होता है। इस दिन कन्या पूजन अष्टमी तिथि में ही करना चाहिए। द्रिक पंचांग के अनुसार, इस बार 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे से आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि का आरंभ हो रहा है। ऐसे में 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे से पहले ही कन्या पूजन करना शुभ रहेगा। 19 अक्टूबर को सूर्योदय 06:24 बजे होगा, जिसके बाद अष्टमी तिथि से जुड़े सभी अनुष्ठान किए जाएंगे।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- शारदीय नवरात्रि के दौरान सपने में इन चीजों का दिखना है अशुभ, स्वप्न शास्त्र से जानें संकेत
शारदीय नवरात्रि की नवमी कब है?
बता दें कि इस बार 19 अक्टूबर 2026 को अष्टमी तिथि पर ही शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि की पूजा की जाएगी तथा व्रत रखा जाएगा। दरअसल, 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे से नवमी तिथि का आरंभ हो रहा है। जो लोग नवमी पर कन्या पूजन करते हैं, उन्हें सुबह 10:51 बजे तक इंतजार करना होगा। नवमी तिथि का कन्या पूजन 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे से 20 अक्टूबर की दोपहर 12:50 बजे के बीच हो सकता है।
