Samudrik Shastra: सामुद्रिक शास्त्र में शरीर के अंगों की बनावट, निशानों और तिलों के आधार पर व्यक्ति के भविष्य का विश्लेषण किया जाता है। यहां तक कि व्यक्ति के स्वभाव का भी काफी हद तक आकलन किया जा सकता है। इसमें शरीर के हर अंग से जुड़े शुभ-अशुभ संकेतों के बारे में बताया गया है। आज हम आपको अंगूठे के आकार और उसकी रेखाओं से मिलने वाले संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं। साथ ही आपको ये भी जानने को मिलेगा कि अंगूठे पर तिल होना सामुद्रिक शास्त्र की दृष्टि से कैसा होता है।
हाथ के अंगूठे पर तिल होना कैसा होता है?
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, राइट और लेफ्ट दोनों हाथों के अंगूठे पर किसी भी जगह काला तिल होना शुभ होता है। ऐसे लोग मेहनती होते हैं, जो जीवन में अपार सफलता बिना किसी की मदद के हासिल करते हैं। इनका दिल भी साफ होता है। ये लोगों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। ये किसी का बुरा नहीं सोचते हैं और न ही किसी के साथ गलत करते हैं।
पैर के अंगूठे पर तिल होना क्या शुभ है?
जिन लोगों के दोनों में से किसी भी एक पैर के अंगूठे पर तिल होता है, सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार ऐसे लोग काफी भाग्यशाली होते हैं। इन लोगों का दिमाग तेज होता है। ये बिना सोचे-समझे कोई काम नहीं करते हैं, बल्कि अपने जीवन से जुड़ा छोटा-बड़ा हर फैसला सोच-समझकर लेते हैं। ये लोग अपनी मेहनत से कामयाबी हासिल करते हैं और समाज में उच्च स्थान प्राप्त करते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें: शुभ होकर भी कब नुकसान पहुंचाते हैं हथेली के ये 4 निशान? जानें
अंगूठे पर बहुत ज्यादा रेखाओं का होना कैसा होता है?
हस्तरेखा शास्त्र को सामुद्रिक शास्त्र का एक हिस्सा माना जाता है, जिसमें हाथ पर मौजूद रेखाओं से व्यक्ति के भविष्य से जुड़ी गुप्त बातों के बारे में जाना जाता है। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अंगूठे पर बहुत ज्यादा रेखाओं का होना शुभ नहीं होता है। ऐसे लोगों को आएदिन किसी न किसी समस्या का सामना करना पड़ता है। साथ ही इनकी सेहत ज्यादा अच्छी नहीं रहती है। वहीं, जिन लोगों के अंगूठे पर साफ, सीधी और कम रेखाएं होती हैं, उनके जीवन में सफल होने की संभावना अधिक होती है। ऐसे लोग सीधे और साफ दिल के होते हैं। ये सादगी से अपना जीवन जीना पसंद करते हैं और लड़ाई-झगड़ों से दूर रहते हैं।
अंगूठा पतला या मोटा, कैसा होना अच्छा होता है?
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, अत्यधिक पतला, अधिक छोटा और बहुत मोटा अंगूठा अशुभ होता है। ऐसे लोगों का जीवन कठिन होता है। कोई भी चीज इन्हें वक्त पर हासिल नहीं होती है। साथ ही दोस्तों व रिश्तेदारों का साथ इन्हें ज्यादा नहीं मिलता है। वहीं, उचित लंबाई वाला अंगूठा सबसे उत्तम होता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामुद्रिक शास्त्र और हस्तरेखा शास्त्र से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है। भक्ति टाइम्स इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
