Mole On Mount Of The Right Palm: सामुद्रिक शास्त्र को एक प्राचीन विद्या माना जाता है, जो कि भारतीय ज्ञान और परंपराओं पर आधारित है। मान्यता है कि इस शास्त्र का प्रचार-प्रसार समुद्र ऋषि ने किया था, इसलिए इसे सामुद्रिक शास्त्र के नाम से जाना जाता है। इसमें व्यक्ति के शरीर की बनावट, चेहरे की आकृति, अंगों के आकार, तिलों और हथेली की रेखाओं के आधार पर उसके स्वभाव, व्यक्तित्व और संभावित घटनाओं का आकलन किया जाता है। सामुद्रिक शास्त्र में हथेली के पर्वतों (हथेली में उंगलियों के ठीक नीचे स्थित उभरे हुए हिस्सों को पर्वत कहा जाता है) पर मौजूद तिलों को भी विशेष महत्व दिया गया है। चलिए जानते हैं सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार सीधे हाथ की हथेली के अलग-अलग पर्वतों पर तिल होने का क्या अर्थ है।
चंद्र पर्वत पर तिल
कलाई के ऊपर अंगूठे के सामने वाले हिस्से को चंद्र पर्वत कहा जाता है, जहां पर तिल होना शुभ नहीं होता है। ऐसे लोगों का मन ज्यादातर समय अशांत रहता है। ये जल्दी से कोई भी फैसला नहीं ले पाते हैं, बल्कि किसी न किसी समस्या में उलझे रहते हैं।
शुक्र पर्वत पर तिल
अंगूठे के नीचे का उभरा हुआ हिस्सा शुक्र पर्वत कहलाता है। जिन लोगों के दाहिने हाथ के शुक्र पर्वत पर तिल होता है, उनके जीवन में स्थिरता नहीं रहती है। खासकर, अपने दांपत्य जीवन को लेकर ये लोग परेशान रहते हैं। इन लोगों को अपने जीवनसाथी के साथ तालमेल बिठाने में बहुत परेशानी होती है।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- एड़ी पर तिल होना शुभ संकेत है या अशुभ? सामुद्रिक शास्त्र से जानें
शनि पर्वत पर तिल
मध्यमा उंगली के नीचे वाले हिस्से को शनि पर्वत कहते हैं। इस पर्वत पर तिल होना दर्शाता है कि व्यक्ति को जीवन में कड़ा संघर्ष करना पड़ेगा। तमाम प्रयास करने के बाद भी व्यक्ति अपने दोस्तों व परिवार वालों को खुश नहीं कर पाता है।
गुरु पर्वत पर तिल
तर्जनी उंगली के नीचे वाले हिस्से को गुरु पर्वत कहा जाता है। इस पर्वत पर तिल होना दर्शाता है कि व्यक्ति अपनी मेहनत से करियर में बड़ी सफलता हासिल करेगा। ऐसे लोगों की नेतृत्व क्षमता भी कमाल की होती है। ये लोग अपने परिवार वालों से बहुत प्यार करते हैं और उन्हें खुश रखने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं।
बुध पर्वत पर तिल
सबसे छोटी उंगली के नीचे वाले हिस्से को बुध पर्वत कहा जाता है। इस पर्वत पर तिल होना शुभ होता है। ऐसे लोगों का दिमाग काफी तेज होता है। ये बहुत ही कम समय में जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल कर लेते हैं। इन लोगों की संवाद क्षमता भी काफी अच्छी होती है।
नोट: यहां बताई गई बातें सामुद्रिक शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं। Bhakti Times इसकी पुष्टि नहीं करता है।
