Attached Bathroom With Bedroom Vastu Tips: बेडरूम और बाथरूम, दोनों ही घर के अहम हिस्से हैं, जिनका होना बहुत जरूरी है। लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार इन दोनों का पास-पास होना उचित नहीं है। इससे न सिर्फ घर के सदस्यों की सेहत और आय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, बल्कि घर का माहौल भी प्रभावित होता है। खासकर, जब बेडरूम के अंदर बाथरूम होता है तो उसका गहरा नकारात्मक प्रभाव घर वालों के जीवन पर पड़ता है।
चलिए विस्तार से जानते हैं कि बेडरूम के अंदर बाथरूम क्यों नहीं होना चाहिए, इसका अशुभ प्रभाव लोगों के जीवन पर किस तरह से पड़ता है और बेडरूम के अंदर अगर बाथरूम बना है तो बिना तोड़फोड़ किए इसके नकारात्मक प्रभावों से बचने के उपाय क्या हैं।
बेडरूम के अंदर बाथरूम क्यों नहीं होना चाहिए?
वास्तु शास्त्र की दृष्टि से बेडरूम और बाथरूम, दोनों की ऊर्जाएं एक-दूसरे से अलग होती हैं। बेडरूम में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होना बहुत आवश्यक है क्योंकि व्यक्ति इसी कमरे में सोता और आराम करता है। वहीं, बाथरूम को अशुद्ध एवं नकारात्मक ऊर्जा का स्रोत माना जाता है। ऐसे में दोनों के पास होने से सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जाओं का टकराव होगा, जिससे कमरे का वातावरण असंतुलित हो सकता है।
बेडरूम के पास बाथरूम होने के 3 बड़े नुकसान
- बाथरूम की नमी और गंध से बेडरूम में नकारात्मक ऊर्जा फैलती है, जिसके कारण मन अशांत रहता है और ठीक से नींद नहीं आती है। ऐसे में मानसिक तनाव रहना स्वाभाविक है।
- मन के शांत न रखने के कारण पति-पत्नी अपने दिल की बातें एक-दूसरे से खुलकर नहीं कर पाते हैं, जिससे रिश्तों में विवाद और गलतफहमियां बढ़ने लगती हैं।
- जब व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान रहेगा तो वो अपने करियर पर ध्यान नहीं दे पाएगा। ऐसे में आर्थिक स्थिति और करियर में भी गिरावट आ सकती है।
बेडरूम से अटैच्ड बाथरूम के प्रभाव से बचने के उपाय
यदि आपके बेडरूम के अंदर बाथरूम है तो उसका दरवाजा हमेशा बंद रखें, जिससे नकारात्मक ऊर्जा कमरे तक न आ सके। इसके अलावा बाथरूम के अंदर शीशा और टॉयलेट सीट ऐसे लगवाएं कि वो सीधे बेडरूम से दिखाई न दें। बाथरूम को नियमित रूप से साफ करें और उसमें फ्रेशनर का इस्तेमाल करें। बाथरूम के अंदर आप स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, लकी बांस या स्पाइडर प्लांट जैसे पौधे भी लगा सकते हैं। इससे बाथरूम की ऊर्जा शुद्ध होगी और नमी का संतुलन बना रहेगा।
बाथरूम के वास्तु दोष को दूर करने के लिए आप टॉयलेट सीट के ऊपर कांच के एक बाउल में समुद्री नमक भरकर भी रख सकते हैं, जिसे हर हफ्ते बदलना जरूरी है।
