Famous Durga Temples: नवरात्रि का पर्व आते ही दिल्ली-NCR का माहौल भक्तिमय हो जाता है। कहीं माता की चौकी सजती है, तो कहीं भव्य पंडालों में मां दुर्गा की आराधना होती है। इस दौरान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगने लगती हैं। भक्त मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं। यदि आप भी नवरात्रि में माता रानी के दर्शन करने और कुछ पल आध्यात्मिक शांति के बीच बिताने की योजना बना रहे हैं, तो दिल्ली-NCR के ये प्रसिद्ध मंदिर (Famous Durga Temples in Delhi-NCR) आपके लिए खास हो सकते हैं। आज हम आपको ऐसे ही 5 मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं।
1. कालकाजी मंदिर, दिल्ली
दक्षिण दिल्ली में स्थित कालकाजी मंदिर मां काली को समर्पित प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। मान्यता है कि यहां माता के दर्शन करने से भक्तों को विशेष आध्यात्मिक शांति मिलती है। नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। मंदिर तक पहुंचने के लिए कालकाजी मंदिर मेट्रो स्टेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- नवरात्रि में कैसे सजाएं मेन गेट, पहली नजर में दिल जीत लेगी आपके घर की खूबसूरती
2. छतरपुर मंदिर, दिल्ली
दिल्ली के महरौली-छतरपुर क्षेत्र में स्थित श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ नवरात्रि के दौरान भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। मां कात्यायनी को समर्पित इस मंदिर की भव्य वास्तुकला और विशाल परिसर श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। यहां माता के दर्शन के साथ मंदिर की सुंदरता और शांत वातावरण का अनुभव भी किया जा सकता है।
3. झंडेवालान माता मंदिर, दिल्ली
दिल्ली के झंडेवालान इलाके में स्थित झंडेवालान माता मंदिर राजधानी के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में गिना जाता है। नवरात्रि में मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाता है और माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां भवन दरबार और गुफा दरबार के दर्शन भी किए जा सकते हैं। मंदिर में नवरात्रि के दौरान विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
भक्ति टाइम्स पर ये भी पढ़ें- नवरात्रि की पूजा में भूलकर भी करें ये गलती, जानें कलश और अखंड ज्योति से जुड़े नियम
4. गुफा वाला मंदिर, प्रीत विहार
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित गुफा वाला मंदिर भी माता के भक्तों के बीच लोकप्रिय है। मंदिर की गुफानुमा बनावट इसे दूसरे मंदिरों से अलग पहचान देती है। नवरात्रि के दौरान यहां पूजा-अर्चना और माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं। अगर आप पूर्वी दिल्ली या नोएडा के आसपास रहते हैं, तो इस मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम बना सकते हैं।
5. श्री शीतला माता मंदिर, गुरुग्राम
गुरुग्राम में स्थित श्री शीतला माता मंदिर दिल्ली-NCR के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। माता शीतला के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है और विशेष पर्वों पर यहां भक्तों की आवाजाही बढ़ जाती है। नवरात्रि में माता के दर्शन के लिए परिवार के साथ यहां जाने की योजना बनाई जा सकती है।
