धर्म

भगवान राम और कृष्ण की तुलना कर क्यों विवादों में घिरे बाबा बागेश्वर? जानें क्या है पूरा मामला

Bageshwar Baba Controversy : बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना संबंधी टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। लोगों की नाराजगी के बाद उन्होंने माफी मांगी है। जानें क्या है पूरा मामला....

Image

Bageshwar Baba Controversy

Bageshwar Baba Controversy : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मामला भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना से जुड़ा है। एक कथा के दौरान उन्होंने दोनों आराध्यों के स्वभाव को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिस पर संत समाज से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। ब्रजवासियों और यादव समाज के लोगों ने भी उनके बयान पर नाराजगी जाहिर की। विवाद बढ़ता देख बाबा बागेश्वर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी और अपनी बात का स्पष्टीकरण दिया। आखिर उन्होंने ऐसा क्या कहा था, जिस पर इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया? आइए जानते हैं पूरा मामला।

बाबा बागेश्वर का विवादित बयान

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक धार्मिक कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि भगवान राम सीधे हैं, जबकि भगवान श्रीकृष्ण, उनका नाम और उनका धाम वृंदावन 'टेढ़े' हैं। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि बंसी बजाना आसान हो सकता है, लेकिन धनुष उठाना कोई खेल नहीं है। उनकी इस टिप्पणी को भगवान राम और कृष्ण के बीच तुलना के तौर पर देखा गया। देखते ही देखते कथा के दौरान कही गई यह बात विवाद का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर भी उनके बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।